पानीपत की जसबीर कॉलोनी में गुरुवार रात हृदय गति रुकने से सब-इंस्पेक्टर की मौत हो गई। वह ड्यूटी से आधा घंटा पहले ही घर लौटे थे। हालत खराब होने पर परिजन सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।
जसबीर कॉलोनी निवासी रामचंद्र (51) पुत्र हरिराम 34 साल से हरियाणा पुलिस विभाग में कार्यरत थे। वह एसपी ऑफिस पानीपत में एसआई के पद पर तैनात थे। गुरुवार रात करीब 10 बजे वे ड्यूटी से घर लौटे थे। खाना खाकर वे सोने लगे तो बेड पर ही उन्हें उल्टी लगी। हालत खराब होने पर परिजन उन्हें सामान्य अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के दौरान खुलासा हुआ कि एसआई की मौत हृदय गति रुकने की वजह से हुई है।
छह माह पहले हुआ था प्रमोशन
रामचंद्र के भाई सुरजीत ने बताया कि रामचंद्र छह माह पहले एएसआई से पदोन्नति पाकर एसआई बने थे। उनके चार बच्चे है, जिनमें दो बेटे बीरू और अभिषेक व दो बेटी हैं। बेटियां शादीशुदा है और बड़ा बेटा प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। रामचंद्र चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।