पानीपत। जिले के राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी अब निजी विद्यालयों की तर्ज पर विज्ञान और तकनीक से जुड़ा शोध कर सकेंगे, इससे विद्यार्थियों की नवाचार क्षमता और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा वे विज्ञान के क्षेत्र में जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।
शिक्षा विभाग की इस पहल से विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही रोबोटिक्स और अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना के अंतर्गत विद्यार्थी विभिन्न खगोलीय रहस्यों से परिचित होंगे और आधुनिक तकनीक के माध्यम से विज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझ सकेंगे। इसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा राजकीय विद्यालयों में एटी (अटल टिंकरिंग) और वीआर (वर्चुअल रियलिटी) लैब स्थापित की जा रही हैं। विभाग इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है।
शुरुआत में जिले के पांच खंडों में प्रत्येक खंड के एक-एक राजकीय विद्यालय में इन लैब को खोलने की योजना है, इसके बाद धीरे-धीरे इसका विस्तार कर बड़े राजकीय विद्यालयों में भी वैज्ञानिक स्तर की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इन लैब्स में विद्यार्थी अपने नवाचार और रचनात्मक विचारों पर शोध कर उन्हें व्यावहारिक रूप दे सकेंगे। यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो नए शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों को यह सुविधा मिलने लगेगी।
जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग राजकीय विद्यालयों में रोबोटिक्स और अंतरिक्ष विज्ञान की शिक्षा देने की तैयारी कर रहा है, इसके लिए विद्यालयों में एटी लैब (अटल टिंकरिंग लैब) और वीआर लैब स्थापित की जाएंगी, साथ ही नए सत्र से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं की सुविधा भी मिलेगी।