पानीपत। शारदीय नवरात्र सोमवार से शुरू हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस दौरान मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार विभाग कुट्टू व सामक का आटा खुले में बेचने वाले दुकानदारों पर सख्ती करेगा। विभाग पहले दिन से नमूने लेना शुरू करेगा। अब तक विभाग ने तीन स्थानों से 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं।
विभाग ने सितंबर माह में अब तक देशराज कॉलोनी, असंध रोड और मॉडल टाउन से खाद्य पदार्थों के 13 नमूने लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। अभी नमूनाें की रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं अक्सर देखने में आया है कि नवरात्र से त्योहारी सीजन शुरू हो जाता है। ऐसे में मिलावटखोरी बढ़ जाती है। कुछ लोग खुले में खाद्य पदार्थ बेचते हैं। खाद्य विभाग की टीम नवरात्र शुरू होने से पहले ही खाद्य पदार्थों के नमूने ले रही है अब अधिकारियों ने नवरात्र में नमूने लेने के लिए अलग से योजना बना ली है। इसमें कुट्टू व सामक के आटे के नमूने लिए जाएंगे। इसके साथ दूसरे खाद्य पदार्थों के भी नमूने लिए जाएंगे।
नवरात्र में दुकानों पर खुला कुट्टू व सामक का आटा बेचने वालों पर विभाग नजर रखेगा और कुट्टू व सामक के आटे के साथ अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। इसमें कमी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे पैकेट वाले आटे को ही लें।
- डॉ. बीरेंद्र यादव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पानीपत