संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। उपमंडल स्तरीय समस्या समाधान शिविर में सोमवार को चार शिकायतें पहुंचीं। पलड़ी गांव निवासी सूरजभान ने बताया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने कुछ दिन पहले गलियों में पाइप बिछाई लेकिन खोदाई के बाद गड्ढों को भरा नहीं गया।
इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। एसडीएम नवदीप नैन ने विभाग को तुरंत गलियों की मरम्मत के निर्देश दिए। दूसरी शिकायत में इसराना के आशीष ने बताया कि मंडी मोड़ से तहसील तक दोनों ओर नाले बंद पड़े हैं। इससे गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है और सड़क टूटने लगी है। एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी को तुरंत सफाई कराने और समस्या हल करने को कहा। तीसरी शिकायत में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान उदय सिंह ने बताया कि गांवों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है।
एसडीएम ने बीडीपीओ को वेतन जल्द दिलाने के निर्देश दिए। चौथी शिकायत में इसराना निवासी सुलतान ने बताया कि उसके घर के पास सरकारी ट्यूबवेल लगवाया गया लेकिन अब तक उसकी पेमेंट नहीं की गई। एसडीएम ने बीडीपीओ को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम नवदीप नैन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आई शिकायतों को गंभीरता से लें और समयबद्ध तरीके से निपटान सुनिश्चित करें।