पानीपत। गोहाना रोड पुल के नीचे रेहड़ी मार्केट बनाई जाएगी। शहरवासी अब फल और सब्जी यहां से ले पाएंगे। इससे सड़कों पर रेहड़ी लगाने वालों को एक स्थायी ठिकाना मिलेगा और उनके हटने पर सड़कें खुल जाएंगी। इससे यातायात सुचारु होगा।
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने इसको लेकरा रविवार को गोहाना रोड, शास्त्री कॉलोनी, जगजीवन राम कॉलोनी समेत इसके आसपास की आधा दर्जन कॉलोनियों का दौरा किया। गोहाना रोड रेलवे ओवरब्रिज के नीचे कबाड़ का कारोबार और खुले में मांस की दुकान चलती मिली।
उन्होंने संबंधित लोगों को इनको हटाने की चेतावनी देने के साथ नगर निगम अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। विधायक ने कहा कि चौक चौराहे व सड़कों पर कबाड़ी अपनी दुकान के बाहर कई फीट तक समान रख देते हैं। जिससे रास्ता संकरा हो जाता है । गाड़ियों को निकलने में दिक्कत होती है।
ऐसे में कई बार झगड़े भी होते देखे गए हैं। यह नहीं चलने दिया जाएगा। संबंधित लोग 24 घंटे में इसको खुद हटाएं नहीं तो नगर निगम की टीम इन सबको जब्त कर ले जाएगी।