पानीपत। जिले में झपटमार एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। बिना नंबर प्लेट के जिले में घूम रहे बाइक सवार तीन बदमाश पुलिस के लिए सिर दर्द बने हुए हैं। आरोपियों ने नांगलखेड़ी के पास एक राहगीर से मोबाइल फोन लूटने की वारदात को अंजाम दिया।
यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी रोहित ने बताया कि वह हाल में पानीपत के भावना चौक पर रह रहा है। वह सेक्टर 29 पार्ट-1 स्थित जिंदल वुडेन मिल में नौकरी करता है। वह रविवार की रात साढ़े नौ बजे फैक्टरी से घर जा रहा था। जब वह गांव नांगलखेड़ी के पास पहुंचा तो बाइक सवार होकर तीन युवक आए और उसके साथ मारपीट कर जबरदस्ती मोबाइल लूटकर ले गए। रोहित का कहना है कि आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जिससे साफ है कि शहर में बिना नंबर प्लेट के बाइक पर घूम रहे झपटमारों ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने तीन दिन में तीसरी वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि सीआईए और संबंधित थाना टीम आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
इन वारदात को दे चुके अंजाम
1. सनौली खुर्द निवासी प्रवीन ने बताया कि वह स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर बरसत रोड से घर जा रहा था। जब वह भैंसवाल गांव के नजदीक पहुंचा तो तीन बदमाशों ने मारपीट कर उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। जिस मामले में किला थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
2. दो दिन पहले सेक्टर 13-17 में बाजार से सामान खरीदकर घर लौट रही महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी और फरार हो गए थे। महिला का कहना था कि आरोपियों की बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी।
3. वहीं शनिवार को पत्नी अलका सेठी के साथ एक्टिवा पर सवार होकर जा रहे आनंद सेठी की एक्टिवा को आरोपियों ने गिराने का प्रयास किया और अलका सेठी के गले से करीब एक लाख कीमत की चेन छीनकर फरार हो गए थे।
पीड़ित की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें प्रयास में जुटी हुई है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अंकित कुमार, सेक्टर 29 थाना प्रभारी