बीते 17 अप्रैल को जहर खाकर आत्महत्या करने वाले सेक्टर-25 निवासी अरुण पिंघल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में अरुण की मौत का कारण जहर बताया गया है। अरुण की मां का आरोप है कि प्रेमिका ने न सिर्फ अरुण को धोखा दिया बल्कि उसकी अश्लील फोटो खींचकर ब्लैकमेल किया और उससे रकम भी ऐंठी। इसके बाद दूसरे युवक से शादी कर ली। मामले में मृतक अरुण की मां ने युवती के पति, माता-पिता एवं भाई को अरुण की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही पुलिस को आरोपी प्रेमिका की व्हाट्सअप एवं वीडियो चैट भी सौंप दी है। शिकायत के आधार पर सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-25 निवासी शीला देवी पत्नी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि 16 अप्रैल को अंसल में उसके बेटे अरुण पिंघल ने जहर खा लिया था, जिससे 17 अप्रैल को उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरुण की मौत का कारण जहर का प्रभाव मिला है। उन्होंने बताया कि अरुण पिछले चार साल से एक युवती से प्यार करता था, जबकि युवती अरुण से प्यार का नाटक कर पैसे ऐंठती थी। आरोप है कि जब भी अरुण उसे शादी करने के लिए कहता तो पिता पर कर्ज का हवाला देकर पैसे वसूलती थी। इसके बाद युवती ने दूसरे युवक से शादी कर ली। बताया कि युवती के पास अरुण की अश्लील फोटो थी, जिसे वायरल करने की धमकी देकर युवती और उसका पति दोनों ही पैसे वसूलते थे। इसमें युवती के माता-पिता और भाई भी शामिल थे। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।