पानीपत। औद्योगिक नगरी में केमिकल के बढ़ते प्रयोग और मौसम में बदलाव के चलते चमड़ी और आंखों में एलर्जी बढ़ गई है। एलर्जी के साथ संक्रमण भी बढ़ रहा है। जिला नागरिक अस्पताल में एक ही दिन में आंखों में एलर्जी और संक्रमण के साथ चर्म रोग के करीब 400 मरीज पहुंच रहे हैं। दो महीने पहले 270 मरीज अस्पताल में आते थे। चिकित्सक लोगों को साफ-सफाई और बाहर केमिस्ट से दवा न लेकर विशेषज्ञ के परामर्श पर दवा लेने की बात कह रहे हैं।
मार्च महीना आते ही मौसम में बदलाव आ गया है। दिन के साथ रात भी शुष्क हो गई है। अधिकतम तापमान पिछले दिनों 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंच गया था, ऐसे में आंखों में एलर्जी और संक्रमण बढ़ गया है। वहीं चमड़ी में एलर्जी के केस भी बढ़ गए हैं। जिला नागरिक अस्पताल में चमड़ी और आंखों की ओपीडी में सुबह ही मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सक भी इसका कारण मौसम में बदलाव, प्रदूषण और केमिकल का बढ़ता प्रयोग बता रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञ लोगों को आंखों में एलर्जी होने पर आंख को पानी से न धोकर चिकित्सक जांच की सलाह दे रहे हैं वहीं चर्म रोग विशेषज्ञ लोगों को साफ-सफाई और केमिकल का सावधानीपूर्वक प्रयोग करने की सलाह दे रहे हैं, साथ ही कपड़ों को धूप में सुखाने की कह रहे हैं।
आंखों में एलर्जी और इंफेक्शन के कारण
- प्रदूषण और उड़ते धूल कण से।
- मौसम बदलाव से आंखों में लाली बढ़ना।
-एलर्जी में ठंडे पानी से आंख धोने से।
- बाहर केमिस्ट के आई ड्राॅप लेकर प्रयोग करने से।
बचाव-
- घर से बाहर जाते समय आंखों पर चश्मा लगाएं
- आंखों में हल्का दर्द होने या लाली होते ही चिकित्सक जांच लेनी चाहिए
- इंफेक्शन में स्वच्छ पानी से आंख धो सकते हैं लेकिन एलर्जी में नहीं धोनी चाहिए।
चमड़ी एलर्जी व संक्रमण के कारण
- साफ-सफाई न रखना।
- कंपनियों में ज्यादा केमिकल का बिना सावधानी बरतते हुए प्रयोग करना।
-ज्यादा गर्म पानी से नहाने से।
बचाव-
- सफाई का ज्यादा ध्यान रखें।
- काम करते समय हाथों में दस्ताने पहनने चाहिए।
- ज्यादा गर्म पानी से न नहाकर हल्के गुनगुने पानी से नहाना चाहिए।
- शुरुआत में ही चिकित्सक जांच करवानी चाहिए।
गर्मी के मौसम में आंखों में एलर्जी व संक्रमण बढ़ जाता है। लोगों को बाहर केमिस्ट के दवा न लेकर चिकित्सक के परामर्श लेना चाहिए और घर से बाहर जाते समय आंखों पर चश्मे का प्रयोग करना चाहिए।
- डॉ. केतन भारद्वाज, नेत्र रोग विशेषज्ञ जिला नागरिक अस्पताल।
औद्योगिक नगरी में केमिकल का प्रयोग हो रहा है और लोग बिना सावधानी बरतते हुए प्रयोग कर रहे हैं इससे एलर्जी बढ़ रही है। लोगों को सावधानी बरतते हुए काम करना चाहिए।
- डॉ. राघवेंद्र सिंह, चर्म रोग विशेषज्ञ जिला नागरिक अस्पताल।