पानीपत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में कई ज्वलंत मुद्दे सामने आए। सभा में इन पर चर्चा की और इनके समाधान के लिए व्यापक स्तर पर काम करने का फैसला लिया। वार्षिक प्रतिवेदन में सामाजिक सद्भाव बैठक की विस्तार से रिपोर्ट दी है।
सरकार्यवाह ने राजस्थान के मेवाड़ व वागड़ क्षेत्र के धार्मिक और आध्यात्मिक सेवा संस्थान प्रमुखों के साथ सामाजिक सद्भाव बैठक की। ये बैठक तीन दिसंबर 2025 को उदयपुर में आयोजित की गई थी। इसमें प्री वेडिंग फोटो, खर्चीले समारोह, मृत्युभोज, सामाजिक सुरक्षा, मोबाइल दुरुपयोग, लव जिहाद, जनसंख्या असंतुलन, बढ़ती व्यसन समस्या, रसायन युक्त कृषि के नुकसान की बात सामने आई। संघ ने कहा कि समाज के लोग भी इन सबसे मुक्ति चाहते हैं, ऐसे में इस पर काम किया जाना चाहिए। समाज में जागृति लाने की जरूरत है, इसके लिए संघ जनजागरण करेगा। खासकर युवा पीढ़ी को समझाया जाएगा। संघ ने लव जिहाद काे रोकने पर जोर दिया है। संघ का कहना है कि युवाओं को जागरूक होना होगा। इसके लिए परिजनों को भी सचेत रहने की आवश्यकता है।
समाज में कई सार्थक बदलाव
संघ की वार्षिक रिपोर्ट में सामने आया कि समाज में कई सार्थक बदलाव देखने को मिले हैं। इनमें परिवार के साथ भोजन करने, आरती में सहभाग करने और जन्मदिन भारतीय पद्धति से मनाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। इसके साथ लोग अपनी जाति बिरादरी में जरूरतमंदों के सहयोग के लिए आगे आ रहे हैं। इन सबके लिए और जागरूकता की जरूरत है। हरियाणा में ही चार जनवरी को रोहतक में प्रांत स्तर पर सामाजिक सद्भाव गोष्ठी का आयोजन किया गया था। इसमें 20 आध्यात्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें जैन, बौद्ध व मुस्लिम के साथ सिख भी पहुंचे थे।