पानीपत। सीआईए-टू पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
- फोटो : Panipat
पानीपत। गांव आसन खुर्द की निवर्तमान सरपंच नीलम के देवर सुनील की हत्या का छठा आरोपी गांव आसन खुर्द निवासी असजय पुत्र ओमप्रकाश सीआईए टू के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी अजय को गुप्त सूचना के आधार पर अनाजमंडी के गेट से गिरफ्तार किया है। अजय 17 दिन से पुलिस को लगातार चकमा देकर ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। इससे पहले पुलिस आरोपी संदीप, विकास, दीपक, रोहित व मोहित निवासी आसन खुर्द को गिरफ्तार कर लाठी, डंडे और चाकू बरामद कर चुकी है।
विदित है कि 14 नवंबर को निवर्तमान सरपंच नीलम का पति बीर सिंह अपने चचेरे भाई सुनील के साथ काम कर रहा था। यहां पर उनके खेत के पास गांव का ही दीपक पुत्र बदलू व मोहित पुत्र अजब सिंह ड्रेन में गंदा पानी छोड़ रहे थे। सुनील ने उन्हें पानी छोड़ने से रोका तो आरोपी मोहित व दीपक ने अपने दोस्त संदीप, विकास व रोहित को बुलाकर सुनील व बीर सिंह पर चाकुओं व डंडों से हमला कर दिया था। इस हमले में चार लोग घायल हुए थे। इसमें सुनील की मौत हो गई थी। सीआईए टू प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। उसे शनिवार रात को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।