गांव सिवाह के पास 5 बदमाशों ने बस को रुकवाकर उसमें से एक प्रवासी को उतारकर उससे छह हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। प्रवासी श्रमिक राहगीरों से पैसे लेकर सेक्टर 29 पुलिस थाने में पहुंचा। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
आनंद कुमार पुत्र अर्जुन भगत निवासी गांव मंडवा, जिला साहरण, बिहार का रहने वाला है। वो गांव भैंसवाल में किराये पर रहता है। उसे सोमवार को खरखौदा काम से जाना था। वो पानीपत बस स्टैंड से बस में बैठ गया। गांव सिवाह के पास एक युवक ने बस को रुकवाया। युवक ने कहा कि ये बस सोनीपत नहीं जाएगी। ये सुनते ही साथ में बैठे चार और युवक खड़े होकर नीचे उतर गए। वो भी नीचे उतर गया। इसी वक्त पांचों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उससे 6 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। आरोपी गांव सिवाह की ओर फरार हो गए।