पानीपत। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मिले नोटिस और सुनवाई से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर प्रशासन द्वारा विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयोजित विशेष शिविर के दौरान 802 लंबित मामलों की सुनवाई की गई। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता निर्धारित तिथि पर सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों और अपने दस्तावेज तुरंत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा करवाएं। ऐसा करने से सभी योग्य मतदाताओं के नाम आगामी छह नवंबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में सुरक्षित रूप से शामिल किए जा सकेंगे।
बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें। नोटिस की प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए सात से नौ अक्तूबर तक उन मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए और घर-घर सर्वे के माध्यम से दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं, जहां नोटिस मिलने के बाद भी मतदाताओं द्वारा दस्तावेज जमा नहीं कराए गए थे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए यह प्रक्रिया अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें नागरिकों का सहयोग अपेक्षित है। ब्यूरो