संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। बालाजी हनुमान सेवक सभा की ओर से शुक्रवार को राजीव कॉलोनी में श्रीराम राज्याभिषेक एवं भरत मिलाप महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब दस स्थानों पर श्रीराम राज्याभिषेक किया गया। इस दौरान कलाकारों ने बताया कि लंकापति रावण पर विजय पाकर भगवान श्रीराम भरत से मिले और श्रीराम का अभिषेक किया। दो भाइयों को मिलन और अभिषेक देखकर नगरी के लोग खुशी से झूम उठे। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के रूप में ऋषिकेश से महंत लोकेश दास महाराज, शहरी विधायक प्रमोद विज रहे। मंच संचालन योगी वर्मा ने किया।
इस अवसर पर एक शाम प्रभु श्रीराम के नाम कार्यक्रम में प्रभु राम के भजनों का गुणगान किया। मंच संचालक योगी वर्मा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन भाटिया, नेता लोकेश नागंरू, वार्ड-सात से पार्षद अशोक कटारिया, दक्षिण मंडल अध्यक्ष चेतन तनेजा, युवा भाजपा नेता हिमांशु शर्मा, वार्ड-11 से पार्षद अंजना और प्रीतम गुर्जर मौजूद रहे।
मन्नतें और लोरियां के साथ भरत मिलाप और राजतिलक
पानीपत। सनातन धर्म सभा भीम गोड़ा मंदिर में रामलीला ड्रामेटिक क्लब द्वारा शुक्रवार को भरत मिलाप और राजतिलक का मंचन किया गया। इसमें मंच संचालन वेद बांगा और सागर रेवड़ी ने किया। समारोह में मुख्यातिथि मुरथल के रामकृष्ण साधना केंद्र से 1008 स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज रहे। समारोह में मुख्य गायक वेद कमल, ईश जुनेजा, राजकुमार चुघ रहे। चेयरमैन ओमप्रकाश रेवड़ी ने बताया कि समारोह में गायकों ने मनमोहक भजन गाए और बाद रात्रि साढ़े आठ बजे से मंचन किया गया। भरत मिलाप और राजतिलक देखकर दर्शकों ने तालियां बजाई।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
पानीपत। एनएचबीसी की ओर से महावीर दल मंदिर रोड़ में शुक्रवार को राम राज्याभिषेक व भरत मिलाप का सुंदर मंचन किया गया। समारोह में मुख्यातिथि ऋषिकेश के स्वामी जगन्नाथ आश्रम से महंत लोकेश दास महाराज रहे। कथा वाचक पंडित भारत भूषण और मंच संचालन केवल कृष्ण कटारिया ने किया। कार्यक्रम में स्वर कोकिला बहनों ने प्रभु राम के भजनों का गुणगान किया। सभा के सदस्य ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सायं सात बजे हुआ। इसमें विशिष्ट अतिथि नेता एवं समाजसेवी सुरेंद्र रेवड़ी, पूर्व शहरी विधायिका रोहिता रेवड़ी, भाजपा उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी नवीन भाटिया, भाजपा नेता एवं समाजसेवी चेतन तनेजा, उद्योगपति एवं समाजसेवी दीपक गोयल रहे। राम राज्याभिषेक व भरत मिलाप समारोह के साथ ही मां सरस्वती की कृपा पात्र स्वर कोकिला बहनें धवनि नारंग और दिव्यांशी नारंग मुख्य गायिका रही। दोनों ने प्रभु राम के सुंदर व मनमोहक भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को नाचने पर विवश किया। कार्यक्रम के समापन पर भंडारा लगाया गया।