गोहाना रोड पर शुगर मिल कॉलोनी के मेन रास्ते के पास ही मंगलवार को एक शराब का ठेका खोलने के लिए शेड बनाने का मामला सामने आया है। जिसके विरोध में कॉलोनी वासियों ने हंगामा करते हुए इसकी शिकायत जिला प्रशासन और शुगर मिल को दी। लोगों का आरोप है कि ये ठेका अवैध रूप से खोला जा रहा है, इसलिए शराब के ठेके को बंद करवाया जाए। लोगों का बढ़ता हंगामा देख दिन में शराब ठेेकेदार ने काम बंद करवा दिया, लेकिन रात को फिर से शेड बनाने का काम चालू कर दिया। कॉलोनी के लोग पार्षद को लेकर मौके पर पहुंच गए और काम रुकवा दिया।
पार्षद बलराम मकौल ने इसकी रिपोर्ट तुरंत निगम आयुक्त को दी और शहरी विधायक को फोन कर इसकी सूचना दी। पार्षद और कॉलोनी के लोगों ने कहा कि किसी भी सूरत में वे शराब का ठेका बनने नहीं देंगे। इस पर जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि ठेका पूर्ण रूप से वैध है। ठेके से संबंधित पूूरे कागजात भी उनके पास हैं। ठेेका जोन भी वही है।
प्रवेश द्वार के पास लगाया था शेड
शराब ठेकेदार ने गोहाना रोड पर शुगर मिल की दीवार के साथ कॉलोनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर शराब के ठेेके का शेड बनाने का काम शुरू कर दिया था। इसी शेड को देखकर कॉलोनी के लोगों ने एक लिखित शिकायत शुगर मिल प्रबंधन को भी दी। शुगर मिल ने शिकायत को उपायुक्त, आयुक्त नगर निगम व आबकारी विभाग में भी भेजा। कॉलोनी के लोगों व शुगर मिल के कर्मचारियों ने बताया कि शिकायत पर शराब ठेकेदार को तुरंत प्रभाव से जिला प्रशासन ने तलब भी किया। ठेकेदार ने जवाबदेही में कहा कि उन्होंने शुगर मिल प्रबंधक से इसकी अनुमति ली है। प्रबंधक ने कहा कि अनुमति नहीं ली गई। वहीं, शुगर मिल प्रबंधन ने शिकायत को जिला प्रशासन को भेजते हुए ठेका बंद करवाने की मांग की है।
शराब का ठेका वैध है। इसके सभी दस्तावेज सही व पूरे हैं। शराब ठेकेदार अपने जोन में कहीं भी ठेका खोल सकता है। इसमें किसी भी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं बरती जा रही हैं।
विरेंद्र ढुल, डीईटीसी, पानीपत।
एक तरफ सरकार ने गोहाना रोड को चौड़ा करने का प्रोजेक्ट शुरू किया है। दूसरी ओर सड़क पर अवैध तरीके से शराब का ठेका बनाया जा रहा है। जब कॉलोनी के लोग इससे नाराज हैं तो भी शराब कारोबारी जबरदस्ती यहां ठेका बना रहे हैं। जो किसी भी सूरत में नहीं बनाने दिया जाएगा।
- बलराम मकौल, पार्षद, वार्ड नंबर 18
गोहाना रोड शुगर मिल के पास बनाए जा रहे शराब के ठेके के विरोध में रात को मौके पर पहुंचे पार्षद बलराम- फोटो : Panipat