संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। औद्योगिक नगरी में डायरिया के साथ डेंगू लगातार पांव पसार रहा है। जिले में वीरवार काे डायरिया के सात केस और आए हैं। वहीं डेंगू के चार केस और आने पर इनकी संख्या बढ़कर 21 पहुंच गई है। वीरवार को माॅडल टाउन में 59 वर्षीय एक व्यक्ति डेंगू पॉजिटिव आया है। वहीं मंगलवार को बुधवार को विराट नगर, तहसील कैंप और उझा रोड पर डेंगू के केस मिले थे। देशराज कॉलोनी में डायरिया फैलने के बाद मंगलवार और बुधवार को लिए पानी के 21 सैंपल की रिपोर्ट वीरवार को आ गई। स्वास्थ्य विभाग ने पानी के नमूने पास होने का दावा किया है।
विभाग ने डायरिया के नए मरीजों के असल कारण जानने के लिए अब रक्त के नमूने लेना शुरू कर दिए हैं। वहीं नगर निगम पेयजल सप्लाई में क्लोरिन की मात्रा डेढ़ से दोगुना तक बढ़ा दी है। वहीं कनेक्शनों की जांच शुरू करा दी। फिलहाल किसी भी कॉलोनी में सप्लाई के लिए साफ पानी की व्यवस्था नहीं की है। जिला नागरिक अस्पताल में वीरवार को डायरिया व उल्टी दस्त के सात मरीज पहुंचे। इनका आपातकाल विभाग में उपचार शुरू किया। इनमें सबको उल्टी दस्त हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की आठ टीमों ने देशराज कॉलोनी और गंगापुरी रोड पर घरों में विशेष जांच की। विभाग की टीम करीब 125 घरों में पहुंची। इसके साथ शहर में जगह-जगह से खाद्य पदार्थों के आठ नमूने लेकर जांच को भेजे हैं। वहीं देशराज कॉलोनी में पानी के 21 नमूनों की रिपोर्ट सही मिलने पर लोगों के साथ अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है।
विसरा रिपोर्ट में लगेगा कारणों का पता
गंगापुरी रोड निवासी अष्टदेव और खलीला गांव के ईंट भट्टे पर काम करने वाले मोहित की उल्टी दस्त के बाद मौत हो गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया था। सीएमओ डॉ. विजय मलिक ने बताया कि विसरा जांच को भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। इसके आधार पर ही मौत के असल कारणों का पता चल सकता है।
13 दिन में हो चुकी आठ की मौत
जिले में 13 दिन में डायरिया और उल्टी दस्त से आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें पांच बच्चे, एक महिला और दो युवक शामिल हैं। 30 अगस्त को बाबरपुर में ढाई साल के अर्नव और 31 अगस्त को महावीर कॉलोनी तीन साल रानिश व सैनी कॉलोनी तीन साल की वंश की मौत हुई। सात सितंबर को देशराज कॉलोनी दो साल का तरुण, इसी काॅलोनी में आठ सितंबर को रेखा व उनके बेटे जाकाश (5) की मौत हो गई। नौ सितंबर को खलीला गांव के ईंट भट्ठे पर मोहित और 10 सितंबर को गंगापुरी रोड पर अष्टदेव की मौत हुई।
डायरिया के सात नए केस आए हैं। इनके रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। देशराज कॉलोनी में पानी के 21 नमूने पास हो गए हैं। यहां डायरिया फैलने के दूसरे कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पेयजल के लिए निगम और जन स्वास्थ्य विभाग की टीम काम कर रही है।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।
शहर की कॉलोनियों में पेयजल की जिम्मेदारी नगर निगम की है। वे ग्रामीण अंचल में पानी में क्लोरिन मिलाकर सप्लाई कर रहे हैं। पानी के कनेक्शन की जांच की जा रही है। किसी प्रकार की कमी मिलने पर उसे दूर किया जा रहा है।
करण बहल, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।
पानी के नमूने लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम। स्वास्थ्य विभाग