पानीपत। प्रदेश सहित जिले के कॉलेजों में यूजी कक्षाओं में पहले चरण में दाखिले के लिए चल रही फीस जमा करवाने की प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। पहले चरण में जारी सूची के अनुसार शहर के प्रमुख तीनों सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में करीब 60 फीसदी सीटों पर दाखिला हो चुका है। बुधवार को पोर्टल सुचारू रूप से चला और विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने में कोई परेशानी नहीं हुई। वहीं, अब तक दाखिले से वंचित विद्यार्थियों को अब दूसरी वरीयता सूची का इंतजार है। गुरुवार को दूसरे चरण की फाइनल वरीयता सूची जारी की जाएगी। इसी के साथ फीस जमा करवाने की प्रक्रिया शुरू होगी जो 13 जुलाई तक चलेगी।
बुधवार को युवा फीस जमा करवाने के लिए सुबह ही कॉलेजों में पहुंच गए। विद्यार्थियों में फीस जमा करवाने की होड़ रही। दाखिला नोडल अधिकारियों के अनुसार शहर के प्रमुख तीनों एडेड कॉलेजों में 60 फीसदी से अधिक सीटों पर दाखिला हो चुका है। आर्य कॉलेज में करीब 1650, एसडी कॉलेज में करीब 1350 और आईबी कॉलेज में करीब 1000 सीटों पर दाखिला हो चुका है। वहीं, छात्रों की सहायता के लिए कॉलेजों में फीस काउंटर बनाए गए हैं ताकि युवाओं को फीस जमा करवाने में कोई असुविधा न हो।
बाक्स
14 कॉलेजों में 11140 सीटों पर होगा दाखिला
जिले के 14 कॉलेजों में 11140 सीटों पर दाखिला होना है। इनमें शहर के तीन प्रमुख एडेड कॉलेजों में कुल 5910 सीटों पर दाखिला होना है। जिले में इस बार 16233 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10783 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 5450 विद्यार्थी शामिल हैं। अधिकतर विद्यार्थियों ने एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन किया है।
वर्जन-
पहली वरीयता सूची के अनुसार कॉलेजों में दाखिला फीस जमा करवाने का बुधवार को अंतिम दिन रहा। पहले चरण में कॉलेजों में 60 फीसदी से अधिक सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। गुरुवार को दूसरी वरीयता सूची जारी होगी। दूसरे चरण में विद्यार्थी 13 जुलाई तक फीस जमा करवाकर दाखिला ले सकेंगे।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य पीजी महाविद्यालय, पानीपत।