पानीपत। जिले की तीन बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में जिला समेत प्रदेश का नाम रोशन किया है। तन्नु राठी ने चीन में अंडर-20 एशियन वॉलीबाल चैंपियनशिप, अनु मलिक ने स्पेन में वर्ल्ड हैंडबाल यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप और प्रेरणा रावल ने थाईलैंड में आयोजित अंडर-18 एशियन वॉलीबाल चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया है।
आर्य पीजी कॉलेज में तीनों खिलाड़ियों का बुधवार को स्वागत किया गया। कॉलेज प्रंबधक समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला और प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने तीनों खिलाड़ियों को 51-51 सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी है। इसके साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने खेलों में हर समय देश का नाम रोशन किया है। आर्य कॉलेज की भागीदारी इसमें बहुत अहम रही है। उनको कॉलेज के खिलाड़ियों पर गर्व है कि वे खेलों में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। कॉलेज में विद्यार्थियों को हर संभव सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता और उनकी पूरी टीम को इसका श्रेय दिया है।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी तन्नु राठी ने एक से आठ जुलाई को चीन में आयोजित अंडर 20 एशियन वॉलीबाल चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया। बीकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी अनु मलिक ने 24 से 29 जून तक स्पेन में आयोजित वर्ल्ड हैंडबाल यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप में भाग लेकर कॉलेज समेत प्रदेश व देश का नाम रोशन किया। अनु राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 14 मेडल जीत चुकी हैं। बीए प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी प्रेरणा रावल ने थाईलैंड में आयोजित अंडर-18 एशियन वॉलीबाल चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में कॉलेज के लगभग 35 विद्यार्थियों का चयन खेल कोटे में सरकारी नौकरियों में हो चुका है। इसके साथ आठ खिलाड़ियों का चयन प्रो कबड्डी लीग में हुआ है। कॉलेज के विद्यार्थी हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रहे हैं। इस मौके पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश सैनी, डॉ. राजेश टूर्ण, कोच राजेंद्र देशवाल, राजा तोमर, सुनील पहल व प्राध्यापिका रजनी, अमन मलिक, युद्धवीर राठी, कैलाश राठी व लोकेंद्र शर्मा मौजूद रहीं।