संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। गाड़ी से घर लौट रहे दो दोस्तों पर हरिनगर में जानलेवा हमला करने के दूसरे आरोपी को पुलिस ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पवन उर्फ चुनचुन निवासी हरिनगर के रूप में हुई है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। मंगलवार को रिमांड अवधी पूरी होने पर न्यायालय में पेश किया। जहां उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार किया गया था।
थाना पुराना औद्योगिक के प्रभारी अजीत निवासी गंगाराम कॉलोनी ने 15 फरवरी को पुलिस को शिकायत में बताया था कि वह मजदूरी करता है। वह रात करीब 12 बजे कॉलोनी के ही आशु, रणजीत व हरिनगर निवासी राकेश के साथ हरिनगर गया था। राकेश को हरिनगर में छोड़कर वापिस कार से गंगाराम कॉलोनी में आ रहे थे। रास्ते में उनको अमन, राकेश काला, चुनचुन, नानक व राकेश उर्फ चिता खड़े मिले। पांचों उन्हें देखकर गाली-गलौज करने लगे।
उन्होंने ऐसा करने से मना किया तो पांचों ने मार पिटाई करना शुरू कर दिया। अमन व राकेश ने आशु को पकड़ लिया और चुनचुन ने चाकू से पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। रणजीत उसको छुड़ाने गया तो चुनचुन ने उसके भी सिर व गर्दन पर चाकू से वार किए। उन्होंने शोर मचाया तो सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर हथियारों सहित फरार हो गए। वह घायल आशु व रणजीत को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में लेकर गया। वहां से डाक्टरों ने उनकी हालत को देखकर पीजीआई रेफर कर दिया। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।