पानीपत। असंध रोड पर भारी वाहनों और स्कूल बसों की सोमवार को घोषित नो एंट्री शुरू नहीं हो सकी। सामान्य दिनों की तरह दिनभर वाहन दौड़ते रहे।
हालांकि, इस मार्ग पर स्कूल बसाें की संख्या कम रही। प्रशासन ने बुधवार शाम को हाइटर लगाने और वीरवार को असंध रोड की नो एंट्री करने की बात कही है। पीडब्ल्यूडी ने हाइटर न लगाने का कारण उसका आधार कच्चा होना बताया है।
असंध रोड पर सोमवार सुबह स्कूल बस चालक और भारी वाहन चालक गच्चा खा गए। स्कूल बस चालक सुबह के समय नो एंट्री शुरू होने के चलते नए मार्गों पर पहुंचे, लेकिन इसी बीच असंध रोड की एंट्री खुलने की जानकारी मिली। इसके बाद भारी वाहन और स्कूल बसें अपने पुराने मार्ग पर दौड़ पड़े। इस मार्ग पर दिनभर वाहन चलते रहे।
अधिकतर स्कूल बसें नए मार्ग पर चलीं
असंध रोड की नो एंट्री शुरू रहने के चलते स्कूलों की अधिकतर बसें अपने निर्धारित नए मार्ग पर चलीं। हालांकि, असंध रोड खुलने के बाद सुबह के समय कुछ बसों के चालक सीधे ही निकल गए। स्कूल संचालकों को दो दिन असंध रोड की एंट्री खुलने से नए मार्ग पर चलने से कुछ राहत मिली है। स्कूल संचालकों का कहना है कि नए मार्ग पर चलने के लिए सुबह के समय कुछ दिक्कत हुई थी, लेकिन चालकों को नए मार्ग पर चलने की हिदायत दी।
बुधवार शाम को लगेंगे हाइटर
असंध रोड पर नो एंट्री वीरवार सुबह शुरू हो जाएगी और बुधवार शाम को ही असंध रोड पर हाइटर लगा दिए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर का कहना है कि असंध रोड पर लोहे के वर्टिकल गार्डर लगाए गए हैं। इनका आधार कंक्रीट और सीमेंट से बनाया गया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बेस अभी सूख नहीं पाया है। इसके बुधवार तक सूखने की उम्मीद है।
वर्जन
असंध रोड पर लगाए गए हाइटर के बेस अभी तक सूख नहीं पाए हैं। इसे सूखने के लिए एक सप्ताह का समय चाहिए। बुधवार शाम को असंध रोड पर साढ़े सात फीट की ऊंचाई पर हाइटर लगाए दिए जाएंगे। इसके बाद यहां से भारी वाहनों का आवागमन बंद हो जाएगा।
-एसएन सिंगला, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर पानीपत