पानीपत। खेल उपलब्धियों के आधार पर खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से अनुसूचित जाति और दूसरे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्तियां देने के लिए आवेदनपत्र मांगे गए हैं। ये खेल उपलब्धियां एक अप्रैल 2020 से एक मार्च 2021 के मध्य की होनी चाहिए। इसमें छात्रवृत्ति केवल राज्य व राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाडिय़ों को ही दी जाएंगी। इसके लिए उनकी पारिवारिक आय दो लाख रुपये से कम भी होनी चाहिए।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप पालीवाल ने बताया कि आवेदन पत्र विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके साथ सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों को विभाग की ओर से स्कूल तथा कॉलेज के खिलाड़ियों के लिए खेल छात्रवृति दी जाएगी। इस संबंध में भी उक्त वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड किया जा सकता है। इन्हें 11 मार्च तक शिवाजी स्टेडियम स्थित जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में जमा करवाया जा सकता है। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए व्यक्तिगत स्तर के साथ फोन नंबर 0180-2650702 पर भी संपर्क किया जा सकता है।