समालखा। संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 31 अक्तूबर को शुरू होने वाले वार्षिक समागम में प्रदेश व देशभर से सेवा दल के सदस्यों के साथ श्रद्धालुओं ने पहुंचना शुरू कर दिया है। श्रद्धालु और सेवा दल के सदस्य ट्रेनों और बसों के माध्यम से पहुंच रहे हैं। आध्यात्मिक स्थल के साथ लगते भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू हो गया है। फिलहाल अप और डाउन में 34 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव हो रहा है। वहीं 18 यात्री गाड़ियों का पहले से ही ठहराव तय है। इसके अलावा बस और अपने वाहनों से भी श्रद्धालु और सेवा दल के सदस्य आ रहे हैं।
संत निरंकारी मिशन द्वारा समालखा व गन्नौर के बीच करीब 615 एकड़ में फैले संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 31 अक्तूबर से तीन नवंबर तक माता सुदीक्षा महाराज के प्रवचन होंगे और चार नवंबर को गुरु वंदना कार्यक्रम किया जाएगा। आध्यात्मिक स्थल में चार ब्लॉक बनाए गए हैं। चारों ब्लॉक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बिजली कनेक्शन और मोबाइल टावर लगाने की भी मांग की है। मिशन ने बिजली निगम से 2500 केवी का अस्थायी कनेक्शन मांगा है। पानीपत के साथ सोनीपत बिजली निगम भी इसमें सहयोग करेगा।
पार्किंग स्थल पर सेवा दल के सदस्य
समागम के लिए चार पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। एक पार्किंग स्थल पर सत्संग स्थल के नजदीक बनाया गया है। यहां मिशन की बस और दूसरे वाहन गेट नंबर एक से आएंगे। इसके साथ मिशन के सामने बड़ा पार्किंग स्थल बनाया जाएगा। इसके अलावा दो अन्य पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा रोडवेज को बस चलाने की मांग की गई है। निरंकारी मिशन के स्थानीय प्रवक्ता सुरेश निरंकारी ने बतायाा कि आध्यामिक स्थल में तैयारी लगातार की जा रही हैं।
भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते यात्री। संवाद