पानीपत। नियम 134ए के तहत प्रदेश सहित जिले में दूसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बहुत लंबे इंतजार के बाद गत सप्ताह दूसरी लिस्ट का शेड्यूल जारी किया जा चुका है। जारी शेड्यूल के अनुसार 29 जनवरी शनिवार से दाखिला प्रक्रिया का पहला चरण शुरू हो चुका है।
दूसरी लिस्ट के विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को 29 जनवरी से 2 फरवरी तक स्कूल चयन के लिए आवेदन करने का मौका दिया गया था। हालांकि पहले चरण का हाल देख विद्यार्थियों ने दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया से दूरी बनाए रखी। नतीजा यह रहा कि हालांकि अंतिम तिथि 2 फरवरी तक शिक्षा विभाग के पास करीब 20 फीसदी ही आवेदन पहुंचे।
शिक्षा विभाग ने पहले चरण के दाखिलों में आ रही बाधा के बीच 29 जनवरी से दूसरे चरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। जिसकी अंतिम तिथि 2 फरवरी निर्धारित की गई थी। इस प्रक्रिया में केवल वो विद्यार्थी ही आवेदन कर सकते थे, जिन्होंने मूल्यांकन परीक्षा पास की हो और उनका पहले ड्रॉ में नाम न आया हो। 694 सीटों के लिए चली दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया में बुधवार को अंतिम तिथि तक बेहद कम विद्यार्थियों ने ही आवेदन किया।
जिन्होंने दाखिले दिए, उन्हीं स्कूलों में होगी अलॉटमेंट
शिक्षा अधिकारियों की माने तो दूसरे चरण का ड्रॉ 7 फरवरी को घोषित किया जाएगा। इसमें केवल उन्हीं विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने पांच दिन तक चली आवेदन प्रक्रिया के दौरान आवेदन किया होगा। अधिकारियों का कहना है कि दूसरे चरण में शामिल सभी विद्यार्थियों का दाखिला सुनिश्चित हो सके, इसके लिए उन्हें वो स्कूल ही अलॉट किए जाएंगे, जो दाखिला देने से मना नहीं कर रहे हैं। दाखिला प्रक्रिया 9 से 18 फरवरी तक चलेगी।
दूसरे चरण के दाखिले का यह रहेगा शेड्यूल
दूसरे चरण के तहत ड्रॉ की तिथि- 7 फरवरी
दूसरे चरण के दाखिले- 9 फरवरी से 18 फरवरी
पोर्टल पर अपडेट करने करना होगा डाटा
मौलिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने स्तर पर संबंधित विद्यालय में होने वाले छात्रों के दाखिले 134ए पोर्टल पर तुरंत अपलोड करवाने होंगे। वहीं, विद्यालय जिन बच्चों के दाखिले निरस्त कर रहे हैं, यह किस कारण से किए जा रहे हैं, इस बारे में पोर्टल पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
- नियम 134ए के तहत दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो चुकी है। इसका ड्रॉ 7 फरवरी को जारी किया जाएगा। जिसमें उन्हीं विद्यार्थियों को शामिल किया जाएगा, जिन्होंने आवेदन किया है। ड्रॉ में शामिल विद्यार्थियों को वो स्कूल ही अलॉट किए जाएंगे, जो विद्यार्थियों को दाखिला दे रहे हैं। वहीं 9 से 18 फरवरी तक चयनित स्कूल में दाखिले किए जा सकेंगे। अभिभावकों को दाखिले को लेकर कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी और सभी पात्र बच्चों का दाखिला सुनिश्चित कराया जाएगा।
- बृजमोहन गोयल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।