पानीपत। विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही है। पुलिस वाहनों से लगातार नकदी बरामद कर रही है। पुलिस ने शनिवार को जिले में विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर 10 कारों से 15.41 लाख रुपये बरामद किए।
थाना शहर पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम लाल बत्ती चौक पर एक कार से 4.50 लाख, दूसरी कार से 96 हजार व तीसरी बार से 1.20 लाख रुपये बरामद किए। थाना पुराना औद्योगिक पुलिस टीम ने गांधी कॉलोनी में कार से 1.10 लाख रुपये बरामद किए। थाना पुराना औद्योगिक की दूसरी टीम ने काबड़ी चौक पर एक कार से 1.50 लाख रुपये व दूसरी कार से 1.10 लाख रुपये बरामद किए। सेक्टर 29 व किशनपुरा चौकी पुलिस टीम ने गोहाना मोड़ पर एक कार से दो लाख रुपये बरामद किए। थाना तहसील कैंप पुलिस टीम ने नूरवाला अड्डा पर कार से एक लाख रुपये बरामद किए।
इसी प्रकार थाना सेक्टर 13/17 पुलिस टीम ने बरसत रोड पर कार से 105700 रुपये बरामद किए। सनौली थाना पुलिस टीम ने सनौली नाका पर एक कार से एक लाख नकद बरामद किए। कार सवार युवकों द्वारा इन पैसों के बारे में सही जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने नकदी कब्जे में लेकर एसएसटी व एफएसटी टीम के हवाले कर दिया और उक्त टीमों द्वारा कैश ट्रेजरी में जमा करवा दिया।
डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि आचार संहिता लगने के बाद से 50 हजार रुपये से ज्यादा की राशि बिना प्रूफ के ले जाने पर पाबंदी है। टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही है। यह जांच जारी रहेगी।