पानीपत। जाटल गांव में एक युवक ने ससुरालियों की प्रताड़ना से परेशान होकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक पत्नी के मामा द्वारा की गई मारपीट व पत्नी के मायके जाने से आहत था। इससे पहले भी उसका साला, उसकी सास व उसका चाचा ससुर युवक के साथ कई बार झगड़ा कर चुके थे। पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में युवक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक की मां के बयानों पर पुलिस ने पत्नी, सास, साले व चाचा ससुर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
जाटल गांव निवासी तेजो देवी ने बताया कि वह दो बेटों व दो बेटियों की मां थी। उसका बेटा राजेश (35) दूसरे नंबर का था। राजेश की करीबन 10 साल पहले सुदेश के साथ शादी हुई थी। वह दो बच्चों का पिता था। 17 सितंबर को राजेश ने खानपुर मेडिकल कॉलेज में बवासीर का ऑपरेशन कराया था। वीरवार को राजेश के साथ उसकी पत्नी सुदेश ने झगड़ा किया। दोनों में काफी कहासुनी हुई। सुदेश ने अपने मामा प्रवीण को कॉल कर बुला लिया। उसने यहां आकर राजेश के साथ मारपीट की और सुदेश को अपने साथ ले गया। इससे आहत आकर राजेश ने शुक्रवार को सल्फास की गोली खा ली। वह उसे जिला नागरिक अस्पताल में लेकर गए। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां शनिवार शाम को राजेश की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोप लगाया कि राजेश के साथ उसकी सास कमलेश, साला सचिन व चाचा ससुर भीम अक्सर झगड़ा करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। उनसे परेशान होकर राजेश ने यह कदम उठाया है।
पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस थाना प्रभारी फूल सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।