पानीपत। गांव कारद के ट्रांसपोर्टर से लेन-देन के विवाद में कुछ बदमाशों ने मारपीट कर कोरसेंट से भरा ट्राला लूट लिया। ट्रांसपोर्टर ने खुद का अपहरण करने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। बताया कि परिचित के आने पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। शिकायत के बाद ट्राले में लगे जीपीएस की लोकेशन से पुलिस ने गाड़ी बरामद कर ली। साथ ही सीआईए-3 ने आठ आरोपियों में से बिलासपुर निवासी जसवंत और गांव देहरे के सोनू को हिरासत में ले लिया। सीआईए प्रभारी अनिल छिल्लर ने जल्द पूरे मामले का पर्दाफाश करने की बात कही है।
गांव कारद निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वह ट्रांसपोर्टर हैं। गांव कारद में अल्ट्राटेक सीमेंट में गाड़ियां चलती हैं। शनिवार की रात 10 बजे कॉल आया और रविवार सुबह चार बजे तक पानीपत असंध रोड सेंट मेरी स्कूल के सामने कोरसेंट पहुंचाने के लिए कहा। ड्राइवर छुट्टी पर होने की वजह खुद ट्राले में यमुनानगर से कोरसेंट भरवाया और पानीपत में दी गई लोकेशन पर पहुंचा। उसने कॉल किया तो पहले जसवंत, सुमित, सोनू और एक अन्य युवक आए।
गाड़ी खाली होने तक बैठने के लिए पास ही झोपड़ी में ले गए। जहां सात से आठ युवकों ने मारपीट कर जेब से फोन और ट्राले की चाभी निकाल ली और ट्राला लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने दिल्ली नंबर बीट कार में उसे बैठाकर अपहरण का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच गांव जाटल निवासी उसका साढ़ू गुजरा और आरोपियों को टोका, जिस पर सभी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
संदीप ने कहा कि उसने सीआईए में तैनात अपने दोस्त को ट्राले में लगे जीपीएस की लोकेशन बताई तो पुलिस जसवंत तक पहुंच गई। ट्राले को सीआईए ने बरामद कर लिया है। संदीप का कहना है कि सीआईए-3 ने आठ आरोपियों में से बिलासपुर निवासी जसवंत और गांव देहरे के सोनू को हिरासत में ले रखा है।
सात लाख रुपये लेने है, हत्या की मंशा से आए थे आरोपी
संदीप का कहना है कि गांव बिलासपुर का रहने वाला जसवंत उसका दोस्त था। जसवंत ने कभी मां की बीमारी तो कभी अलग-अलग बहाने बाजी कर उससे सात लाख रुपये ऐंठ लिए। अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देता है। संदीप को आशंका है कि जसवंत उसे मरवाना चाहता था, इसलिए उसका अपहरण कर रहे थे, साढ़ू के पहुंच जाने से वह बच गया। जसवंत ने साजिश के तहत उसे पानीपत बुलाया।
पुलिस ने संदीप की शिकायत पर जसवंत समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामले की सीआईए-3 जांच कर रही है, जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। - कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी