इसराना। नई अनाज मंडी को स्टेट हाईवे से जोड़ने वाली सड़क को मरम्मत के लिए 15 दिन पहले हरियाणा एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की निर्माण शाखा ने खोद दिया था। निर्माण शाखा का मत था कि इस सड़क को दोबारा बनाया जाएगा लेकिन छह बाद बाद भी इस पर काम शुरू नहीं किया। अब गेहूं की आवक शुरू होने वाली है। ऐसे में किसानों को भारी परेशानियों का सामाना करना पड़ सकता है।
मंडी में आढ़ती भी दुकानों का निर्माण कर रहे हैं। उन्हें निर्माण सामग्री लाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मार्केट कमेटी के सचिव एचएएमबी की निर्माण एजेंसी के कार्यकारी अभियंता को दो बार रिमाइंडर भेज चुके है। मंडी में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने में एक सप्ताह से भी कम समय रह गया है। ऐसे में मंडी में गेहूं लेकर आने वाले किसानों को दिक्कत पेश आ सकती है।
मार्केट कमेटी के सचिव सुरेश कुमार ने बताया कि इसी माह आठ मार्च को रिपेयर कराने के नाम से एचएएमबी की निर्माण शाखा ने अनाज मंडी के गेट से हाईवे तक का रास्ता खोदा था। रास्ता ठीक कराने के लिए मार्केट कमेटी की तरफ से निर्माण शाखा को दस मार्च व 21 मार्च को दो बार रिमाइंडर भेजा जा चुका है। खोदे गए रास्ते की वजह से किसानों को दिक्कतें आ सकती है।