दिल्ली से कुरुक्षेत्र लौट रहे एक एनआरआई परिवार की गाड़ी बाबरपुर मंडी के पास जीटी रोड पर खड़े ट्रक से टकरा गई।
इसमें एक एनआरआई महिला की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव घरवालों को सौंप दिया। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार संतोखपुरा (जिला कुरुक्षेत्र) निवासी बलजीत कौर (32) पत्नी सुखविंद्र सिंह शुक्रवार को अपने दो बच्चों हर्षदीप सिंह और जैसमीन कौर के साथ इटली से दिल्ली पहुंची थी। उनकी फ्लाइट सुबह साढ़े तीन बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।
अपनी बहू और पोतों को लेने के लिए महेंद्र सिंह अपने चालक हरपाल के साछ सफारी गाड़ी लेकर दिल्ली पहुंचे थे। दिल्ली से लौटते समय में जब वे बाबरपुर मंडी के पास पहुंचे तो चालक हरपाल सिंह को नींद की झपकी आ गई। झपकी आने के कारण उनकी सफारी आगे खड़े ट्राले से टकरा गई।
इस हादसे में बलजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई और दोनों बच्चे हर्षदीप और जैसमीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के कारण जीटी रोड पर करीब 10 मिनट जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मौके का फायदा उठाकर ट्रक चालक वहां से फरार हो गया।
हादसे के प्रत्यक्षदर्शी विक्रम जीत सिंह ने बताया कि वह भी अपने चचेरे भाई बहनों को लेने के लिए अपने दादा महेंद्र सिंह के साथ गया था। विक्रमजीत ने बताया कि जब बो बाबरपुर के पास पहुंचे तो गाड़ी के चालक हरपाल को झपकी आ गई। इस कारण गाड़ी आगे खड़े ट्राले से टकरा गई।
महेंद्र सिंह ने बताया कि उसका बेटा सुखविंद्र सिंह अपने पूरे परिवार के साथ इटली में रहता है। उसका बेटा वहां एक फैक्ट्री में काम करता है। बच्चों के स्कूल की छुट्टी हो गई थी। इसलिए बच्चे छुट्टियां बिताने घर आए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पोती जैसमीन सातवीं कक्षा में तथा हर्षदीप पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। इटली में पढ़ने के कारण बच्चों को अपनी संस्कृति और भाषा का ज्ञान नहीं है। इस बार भी वे एक साल बाद अपने देश लौटे रहे थे। सड़क
बाबरपुर मंडी के पास हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। दो अन्य घायल हैं। उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करा दिया है। ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
राजबीर सिंह, जांच अधिकारी