सनौली। युवा पलटन अकादमी द्वारा सनौली खुर्द गांव स्थित कारगिल शहीद ऋषिपाल त्यागी समाधि स्थल पर जूनियर कबड्डी प्रतियोंगिता का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 10 गांवों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गांव रिशपुर की टीम ने सनौली खुर्द को हराकर प्रथम स्थाल हासिल किया। रिशपुर गांव की टीम को सम्मानित किया गया।
मुख्यातिथि सनौली खुर्द के सरपंच संजय त्यागी रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के परिचय के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह युग प्रतियोगिताओं का युग है। जीवन में खेलों का उतना ही महत्व है जितना शिक्षा का है। खेलों में भी बेहतर भविष्य है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है। अगर खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन मिले तो देश ओलंपिक में पदकों की संख्या कई गुना बढ़ा सकता है। उनकी युवाओं से अपील है कि वह नशे के रास्ते पर न जाएं। इस रास्ते पर बर्बादी के अलावा कुछ नहीं है। इस मौके पर युवा पलटन अकादमी के कोच अंग्रेज दहिया ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।