36वीं राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में गांव नरायणा निवासी राखी गिल ने रजत पदक प्राप्त कर अपने भाई का सपना पूरा किया है। राखी के भाई सुशील का सपना था कि उनकी बहन नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर खेलकर हरियाणा का नाम रोशन करे। सड़क हादसे के दौरान उनके भाई की मृत्यु हो गई थी। रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद राखी का राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग में चयन हुआ था। जिसमें उन्होंने फाइनल मैच में कुल 198 किलो भार उठाकर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
राखी गिल पिछले चार साल से वेटलिफ्टिंग करती हैं। राखी की उम्र 24 साल है। राखी ने बताया कि कोच के साथ उनका अभ्यास सुबह साढे़ पांच बजे शुरू हो जाता है। वे सुबह 8:30 बजे तक अभ्यास करती हैं। शाम को 4 बजे से लेकर 7 बजे तक उनकी ट्रेनिंग होती है।
ऑल इंडिया व खेलो इंडिया यूनिवर्सिटि में प्राप्त कर चुकी हैं पदक
राखी गिल ने ऑल इंडिया यूनिवर्सिटि के वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। साथ ही खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। राखी गिल का कहना है कि तीन सिल्वर मेडल प्राप्त करने के बाद अब उनका लक्ष्य सिर्फ गोल्ड मेडल है।