पानीपत। हरिनगर में एक राज मिस्त्री ने फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या करने के पीछे के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हुए हैं। पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने परिजनों के बयानों पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हरिनगर निवासी चंद्रगुप्त (41) पेशे से राजमिस्त्री था और तीन बच्चों का पिता था। सबसे बड़े भाई की करीब तीन साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। दूसरे नंबर के भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है । चंद्र गुप्ता ही परिवार का इकलौता सहारा था। राज मिस्त्री का काम करके वही परिवार का पेट पाल रहा था। वीरवार को सुबह वह काम पर नहीं गया। उसकी पत्नी करीब साढ़े आठ बजे बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए चली गई और मां मकान के बाहर बैठकर धागा बीन रही थी। इसी वक्त उसने कमरे में जाकर पंखे पर चुन्नी से फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी मां ने बेटे के शव को फंदे पर लटका देख शोर मचाया। पड़ोसियों ने शव को जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू की।