पानीपत। वार्ड नंबर 16 के अंतर्गत आने वाली कॉलोनी का नाम भले ही विकास नगर हो लेकिन यहां पर ठप निकासी की समस्या यहां विकास के प्रति विभागीय उपेक्षा की पोल खोलती है। विकास नगर की गली नंबर 26 में इस कदर गंदा पानी भरा हुआ है कि यहां से लोगों का आवागमन तक बंद हो चुका है। निगम की बनाई इंटरलॉकिंग टाइलों की सड़क पर गंदे पानी की चादर बिछ चुकी है। जिससे लोगों का घरों से निकलना तक दूभर हो चुका है।
उल्लेखनीय है कि ये समस्या करीब दो साल पुरानी है। खास बात ये है कि इस गली में सीवर भी है, साथ में नालियां भी हैं और निगम ने पक्की गली तक बनाई है लेकिन पानी निकासी का रास्ता नहीं है। जिससे ये पानी खाली प्लाटों, गली और सड़क पर जमा होने लगा है। हर वक्त गली में गंदा पानी भरे रहने से यहां मच्छर जनित बीमारियों का खतरा सताने लगा है। हालात ये हैं कि जब गली का गंदा पानी सड़क और खाली प्लाटों में जमा होता है तो लोगों को जेनसेट पंप लगाकर इसकी निकासी करवानी पड़ती है।
इससे परेशान लोगों ने निगम अधिकारियों से समाधान की दरखास्त लगाई जिस पर वीरवार को नगर निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि अगर लोग सीवर की लाइन में अपने कनेक्शन कर लें तो समस्या का स्थायी तौर पर समाधान हो सकेगा। गली में भरा पानी सुखाने के लिए वे जेनसेट पंप का इस्तेमाल करेंगे। गली के भरे पानी की निकासी के बाद सड़क के लेवल को उठाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में लोगों को इस परेशानी से न जूझना पड़े।
नगर निगम के जेई अजय छौक्कर ने बताया कि लोगों की समस्या सुनी हैं। उनको समाधान का आश्वासन दिया गया है। पहले सीवर में कनेक्शन करवाए जाएंगे। गंदे पानी की निकासी करवाई जाएगी। इसके बाद इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।