सेक्टर 13-17 के पास यमुना एन्क्लेव में दोस्तों के साथ पार्टी कर रहे तहसील कैंप निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर मनीष को संदिग्ध परिस्थितियों में पेट में गोली लग गई। घटना रविवार रात सवा 12 बजे की है। घायल अवस्था में मनीष को दोस्तों ने ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रात दो बजे मनीष का ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली को निकाल दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में तहसील कैंप निवासी दोस्त पंकज ने बताया कि रविवार रात उसके पास भगत नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर मनीष का फोन आया था। मनीष ने कहा कि उसके साथ गोहाना का जॉनी, भुसाना का मीनू और यमुना एन्क्लेव का रामबीर है। सभी ने पार्टी करने का प्रोग्राम बनाया है। पंकज अपनी कार लेकर बाकी दोस्तों के पास बरसत रोड चुंगी पहुंचा। कार में पार्टी करने के बाद सभी सेक्टर 13-17 की ओर घूमने निकल गए। यहां हेलीपैड के पास पहुंचे तो मनीष ने गाड़ी रुकवाई और सड़क पार कर टायलेट करने चला गया। इसी बीच बरसत रोड की तरफ से एक कार आई, जिसमें से बदमाशों ने मनीष पर फायरिंग की और सेक्टर-18 की तरफ फरार हो गये।
दूसरी ओर डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि चार दोस्तों में से एक दोस्त ने हवाई फायर किया था, जिससे प्रापर्टी डीलर जख्मी हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है, जांच में जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले सोमवार की सुबह सेक्टर 13-17 थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और थाना प्रभारी सुनीता ने घायल मनीष और दोस्तों के बयान दर्ज किए। इस दौरान पहले दोस्तों ने बताया कि कार में सवार होकर आए बदमाशों ने दोस्त को गोली मारी है। हालांकि पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आ रहा है कि शराब के नशे में एक दोस्त ने हवाई फायर किया और प्रापर्टी डीलर मनीष को गोली लग लगी।
- हेलीपैड का निरीक्षण किया तो नहीं मिला खून, तब दोस्तों पर हुआ शक-
चर्चा रही कि दोस्तों ने पुलिस को बयान दिए थे कि गोली हेलीपैड पर चली थी, जब पुलिस सभी दोस्तों को लेकर मौके का मुआयना करने बताए गए घटनास्थल पर पहुंची तो यहां खून के कोई निशान ही नहीं मिले। यहीं पर सभी दोस्त पुलिस के सवालों में उलझ गए और घबरा गए। इसके बाद पुलिस ने सभी दोस्तों से अलग-अलग पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले की खुलासा कर दिया जाएगा।
- प्रॉपर्टी डीलर के भाई चेतन का दावा, हंसी-मजाक में चलाई गई गोली लगी
प्रॉपर्टी डीलर के छोटे भाई चेतन ने दावा किया है कि यमुना एन्क्लेव स्थित एक मकान में बड़ा भाई मनीष, मीनू, जॉनी, पंकज और राममेहर पार्टी कर रहे थे। पार्टी खत्म हुई तो दो दोस्त नीचे आ गए। जबकि उसका भाई मनीष और बाकी दो दोस्त तीसरी मंजिल पर थे। तभी नीचे से एक दोस्त ने हवाई फायर किया, जिसकी गोली ग्रिल से टकराते हुए मनीष के पेट में जाकर लगी और वह वहीं गिर गया। फायर करने वाले दोस्त के पास लाइसेंसी पिस्तौल है, जिससे 9.9 एमएम की गोली चली है। ऑपरेशन में इसी माप की गोली डॉक्टरों ने बरामद की है।
- बदमाशों के गोली मारने की वजह पहले परिजनों ने एक साल पहले हुए विवाद को बताया था
दर्ज एफआईआर के आधार पर पहले घायल मनीष के परिजनों ने शक जताया था कि मनीष प्रॉपर्टी डीलिंग और फाइनेंस का काम करता है। एक साल पहले मनीष का देशराज कॉलोनी निवासी युवकों के साथ रुपयों के लेनदेन में विवाद हुआ था, जिसमें मनीष गंभीर रूप से घायल भी हुआ था। उन्होंने शक जताया कि इसी विवाद के चलते मनीष पर दोबारा हमला हो सकता है।
डीएसपी ने दर्ज किए बयान, डॉक्टर ने निकाली गोली
सोमवार सुबह उपचाराधीन मनीष के बयान दर्ज करने के लिए डीएसपी पूजा डाबला मौके पर पहुंची और मनीष ने भी जिन युवकों के साथ उसका रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद था, उनके नाम बताए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं प्रेम अस्पताल के डॉक्टर पंकज ने बताया कि गोली मनीष के हाथ को छूती हुई सीने के नीचे फेफड़ों को पार करती हुई कमर में धंस गई थी। रविवार रात दो बजे ऑपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। अभी मनीष की हालत सामान्य है।