पानीपत। सनौली स्थित आर्य समाज मंदिर में हवन के बाद दो पक्षों में हुए झगड़े के मामले में शुक्रवार को उपायुक्त, एसपी व एसडीएम ने मंदिर का निरीक्षण किया। डीसी डॉ. वीरेंद्र दहिया व एसपी भूपेंद्र सिंह ने सारी जमीन का निरीक्षण किया।
उन्होंने एसडीएम समालखा अमित कुमार के नेतृत्व में बीडीपीओ शक्ति सिंह व तहसीलदार सौरभ शर्मा को रिकार्ड के अनुसार रिपोर्ट बनाकर पेश करने के आदेश दिए है। आर्य समाज मंदिर में दो पक्षों में हुए झगड़े में आर्य समाज के लोग करीब सवा एकड़ भूमि को आर्य समाज की बता रहे हैं और दूसरा सरपंच पति शिव कुमार पक्ष इस जमीन को ग्राम पंचायत की बता रहे हैं। 13 जुलाई को कुछ लोगों ने पंचायत द्वारा लगाए गए ताले को तोड़कर हवन किया था।
ताला तोड़ने का ग्रामीणों व ग्राम पंचायत ने विरोध किया। जिसके चलते दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी और दोनों पक्षों के छह-सात लोग घायल हो गए थे। एक पक्ष की शिकायत पर बापौली थाना पुलिस ने सरपंच पति शिवकुमार समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया हुआ है।
शिवकुमार पक्ष का कहना है कि उनकी शिकायत पर पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इस अवसर पर बापौली बीडीपीओ शक्ति सिंह, तहसीलदार सौरभ शर्मा, कानूनगो नरेश कुमार, पंचायत अधिकारी परजान मेहरा आदि मौजूद रहे।