पानीपत। उपकप्तान विजेंद्र राणा को 5 विकेट लेने पर मैन ऑफ द मैज का अवार्ड देकर सम्मानित करते हुए।
- फोटो : Panipat
पानीपत। आर्य क्रिकेट अकादमी में बुधवार को जिला स्तरीय क्रिकेट मैच प्रतियोगिता हुई। इसमें पीएनबी सोनीपत व पीएनबी पानीपत के बीच 20-20 ओवरों का मैच हुआ। एकतरफा मुकाबले में पीएनबी पानीपत ने सोनीपत पीएनबी को 79 रनों से हराकर मैच जीत लिया। अगला मैच 25 दिसंबर को सोनीपत में खेला जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीजीएम पानीपत सर्कल हेड सुनील ब्रत रहे। उन्होंने पानीपत पीएनबी बैंक की कप्तानी भी की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवरों में छह विकेट पर 229 रन बनाए। इनमें महज 58 गेंदों पर विजय छौक्कर ने 154 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इसमें उन्होंने 14 छक्के और 13 चौके भी मारे। पीएनबी सोनीपत के सुनील भोक्कर और विजय इंदौरिया ने दो-दो विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करते हुए पीएनबी जिला सोनीपत की टीम महज 150 रन बना सकी। सुनील ने 42 रन और मोहित यादव ने 30 रन बनाए। उपकप्तान विजेंद्र राणा ने अपने चार ओवरों में पांच बल्लेबाजों को आउट कर टीम को 79 रन से जीत दिला दी।
उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि डीजीएम पीएनबी पानीपत सर्कल हेड सुनील ब्रत ने उन्हें मैन ऑफ द मैच ट्रॉफी सौंपी। साथ ही बेस्ट बल्लेबाज विजय छौकर को बल्ला देकर सम्मानित किया। मैच के सभी चैंपियन खिलाड़ियों के साथ विजेता टीम के कप्तान सुनील ब्रत को आर्य क्रिकेट एकेडमी के ऑनर विक्रम नेहरा ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर पीएनबी पानीपत बैंक टीम के कोच वीरेंद्र लठवाल, मैनेजर वेद प्रकाश गुप्ता, अंपायर सतीश चौधरी व कुमार और स्कोर दीपक कुमार , मोहित यादव आदि उपस्थित रहे।
पानीपत। विजेता टीम पीएनबी सर्कल हैंड को ट्राफी देकर सम्मानित करते हुए क्रिकेट कोच विक्रम नेहरा।- फोटो : Panipat