पानीपत। जाटल रोड पर बेटे के सामने एक कार चालक ने बाइक सवार को कुचल दिया और फरार हो गया। हादसे में घायल हुए पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बेटे ने बताया कि वह शादी समारोह से घर लौट रहे थे। रास्ते में उसने पेशाब करने के लिए बाइक रुकवाई थी। इसी बीच कार ने उसके सामने ही पिता को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौत हो गई।
सौंधापुर निवासी गौरव ने बताया कि वह मंगलवार को अपने पिता सत्यवान के साथ बाइक पर सवार होकर कालखां गांव में शादी में गया थे। समारोह खत्म होने पर वह पिता के साथ बाइक से घर लौट रहा था। पिता बाइक चला रहे थे। जब वह जाटल रोड पर धान के सेलर के पास पहुंचे तो उसने पेशाब करने के लिए बाइक रुकवा ली। वह थोड़ा आगे बढ़ गया और पिता बाइक पर इंतजार करने लगे। तभी तेज रफ्तार में आई कार ने पिता को टक्कर मारकर घायल कर दिया। जब तक वह मौके पर पहुंचा कार लेकर चालक फरार हो गया। उसने लोगों की मदद से पिता को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है, बेटे की शिकायत पर आरोपी कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी की तलाश जारी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी