पानीपत। प्रदेश सरकार से सेवानिवृत्त होने वाले पेंशनभोगियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण समाचार है। जिला खजाना कार्यालय पानीपत और इसके अंतर्गत आने वाले सभी अधीनस्थ उप खजाना कार्यालयों बापौली, समालखा, मतलौडा और इसराना में विशेष अभियान चलाया जाएगा।
पानीपत जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने बताया कि आगामी माह यानी नवंबर के दौरान पेंशनरों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र, गैर-विवाह प्रमाण पत्र एवं गैर-रोजगार प्रमाण पत्र जमा किए जाने हैं। विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने और कार्यालय में अनावश्यक भीड़भाड़ से बचने के लिए अंग्रेजी वर्णमाला के आधार पर तिथियां निर्धारित कर दी हैं। जिला खजाना अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी पेंशनरों को अनिवार्य रूप से अपने नाम के पहले अंग्रेजी अक्षर के हिसाब से ही निर्धारित तिथि पर कोषालय (खजाना कार्यालय) में उपस्थित होना होगा। यदि कोई पेंशनर जारी किए गए शेड्यूल के अनुरूप कार्यालय में नहीं पहुंचता है, तो उसके प्रमाण पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। ब्यूरो
विभाग द्वारा तय किया गया शेड्यूल इस प्रकार है:
अंग्रेजी वर्णमाला के अनुसार तिथियां निर्धारित
-दो नवंबर को ए अक्षर वाले पेंशनर अपना प्रमाण पत्र जमा करा सकेंगे।
-तीन नवंबर को बी अक्षर वाले पेंशनर उपस्थित होंगे।
-चार नवंबर को सी व डी अक्षर वाले पेंशनर हाजिर होंगे।
-पांच नवंबर को ई व एफ अक्षर वाले पेंशनर आएंगे।
-छह नवंबर को जी व एच अक्षर वाले पेंशनर अपने कागजात जमा करेंगे।
-सात से नौ नवंबर को साप्ताहिक अवकाश (शुक्रवार से रविवार) रहेगा।
-10 नवंबर को आई व जे अक्षर वाले पेंशनर निर्धारित रहेंगे।
-11 नवंबर को के व एल अक्षर वाले पेंशनर प्रमाण पत्र देंगे।
-12 नवंबर को एम व एन अक्षर वाले पेंशनर उपस्थित रहेंगे।
-13 नवंबर को ओ, पी व क्यू अक्षर वाले पेंशनर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
-14 व 15 नवंबर कोसाप्ताहिक अवकाश रहेगा।
-16 व 17 नवंबर कोआर अक्षर वाले पेंशनर आ सकते हैं।
-18 व 19 नवंबर को एस अक्षर वाले पेंशनरों के लिए दिन तय किया गया है।
-20 नवंबर को टी, यू, वी, डब्ल्यू, एक्स, वाई व जेड अक्षर वाले शेष सभी पेंशनर अपना जीवन प्रमाण पत्र व अन्य दस्तावेज जमा करवा सकेंगे।
बुजुर्ग व अशक्त पेंशनरों के लिए विशेष राहत
पेंशनर शारीरिक रूप से पूरी तरह अक्षम हैं या घर से बाहर आने-जाने में असमर्थ हैं। वे घर बैठे ही मोबाइल ऐप, इंडिया पोस्ट ऑफिस या फिर अपने नजदीकी सीएससी सेंटर की सहायता से ऑनलाइन माध्यम से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करा सकते हैं। यदि कोई पेंशनर शैयाग्रस्त (बिस्तर पर लेटे रहने को मजबूर) है, तो उनके परिजनों को सक्षम चिकित्सा अधिकारी का मेडिकल प्रमाण पत्र लाकर कोषालय में जमा कराना होगा, ताकि नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा सके।
बायोमेट्रिक डाटा अपडेट कराने की अपील
जिला खजाना अधिकारी हजारा सिंह ने बताया कि वे अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करने से पहले किसी नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर अपना आधार बायोमेट्रिक डाटा जरूर अपडेट करवा लें। ताकि ऑनलाइन प्रमाण पत्र जमा करते समय बायोमेट्रिक मिलान में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।