स्टेट विजिलेंस की पानीपत टीम ने बुधवार को पुरानी तहसील से एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। उसे रिश्वत के 24 हजार रुपये समेत पकड़ा गया। आरोपी पटवारी जितेंद्र के पास सिवाह क्षेत्र की जिम्मेदारी थी। विजिलेंस ने शिकायत मिलने के महज डेढ़ घंटे के अंदर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पटवारी पर आरोप है कि उसने एक किसान से उसकी कृषि भूमि की खेवट अलग करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी। किसान ने इसकी विजिलेंस से शिकायत की थी। विजिलेंस ने जिला प्रशासन से एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट लेकर तय योजना के अनुसार पुरानी तहसील में छापा मारकर पटवारी को रंगेहाथ पकड़ लिया।
विजिलेंस इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने बताया कि उनके पास हलके के एक गांव के किसान सुरेश ने बुधवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे शिकायत दी थी। किसान ने बताया कि वह अपनी कृषि योग्य भूमि की खेवट अलग करवाना चाहता है। इसके लिए करीब डेढ़ माह पहले पटवारी को लिखित आवेदन दिया था लेकिन तब से पटवारी उसे चक्कर कटवा रहा था।
24 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इसके बाद टीम ने उपायुक्त सुशील सारवान से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मांग की। मजिस्ट्रेट जिला समाज कल्याण अधिकारी रविंद्र हुड्डा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। तय योजना के अनुसार विजिलेंस ने शिकायतकर्ता को पटवारी के पास भेजा। जैसे ही पटवारी को रिश्वत की रकम दी गई, विजिलेंस ने पटवारी को रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई में इंस्पेक्टर सुमित कुमार के साथ इंस्पेक्टर सरोज, एएसआई संजय, हेड कांस्टेबल कमलदीप और बलिस्टर शामिल थे।
स्टेट विजिलेंस की टीम ने जनहित को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। ये नंबर 1064 और 18001802022 हैं। टीम अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के लिए रिश्वत मांगता है तो वे इसकी शिकायत विजिलेंस कार्यालय को दें। वह उस पर तुरंत कार्रवाई करेंगे।
रंगेहाथ किया गिरफ्तार : विजिलेंस
एक किसान की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे सिवाह हलके के पटवारी जितेंद्र को 24 हजार की रिश्वत समेत रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पटवारी पर मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। -सुमित कुमार, इंस्पेक्टर, विजिलेंस, पानीपत।