सरकार ने मौसमी बीमारियों के दौरान काम छोड़कर हड़ताल पर गए जिले के 31 लैब टेक्नीशियनों को सस्पेंड कर दिया है। सीएमओ के पास ऑडर आते ही हड़ताली लैब टेक्नीशियन (एलटी) सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना खत्म कर अपने घर चले गए।
स्वास्थ्य अधिकारियों के व्यवस्थाएं बनाए रखने के दावे के बीच मरीज दूसरे दिन भी जांच कराने के लिए परेशान हुए। सीएमओ ने उच्च अधिकारियों के आदेश पर हड़ताली कर्मियों को सस्पेंड करने की बात कही है।
हालांकि, एसोसिशन के पदाधिकारियों ने दोपहर बाद सस्पेंशन वापस लेने का दावा किया है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।
हरियाणा स्टेट मेडिकल लैब टेक्नीशियन एसोसिशन के जिला प्रधान जयदीप राठी की अगुवाई में एलटी मंगलवार को दूसरे दिन ही हड़ताल पर सुबह ही सीएमओ कार्यालय के बाहर बैठ गए। यूनियन नेताओं की अगुवाई में एलटी ने सरकार के विरोध में जोरदार नारेबाजी की।
प्रधान जयदीप राठी ने कहा कि एलटी अपनी मांगों को लेकर सरकार से कई बार मिल चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। इससे प्रदेशभर के एलटी में रोष है।
सरकार बहाल करेगी, तो करेंगे काम
सरकार ने एलटी की हड़ताल पर सख्त रुख अपनाते हुए दूसरे दिन सुबह ही सबको सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए। पानीपत में ये आदेश करीब 11 बजे पहुंच गए। सीएमओ डॉ. इंद्रजीत धनखड़ ने एलटी को सस्पेंड ऑर्डर दिखाए। एलटी सस्पेंशन ऑर्डर देखते ही धरने से उठकर अपने-अपने घर चले गए।
जिला प्रधान जयदीप राठी ने बताया कि सस्पेंड करने के बाद उनका काम करने या विरोध का कोई मतलब नहीं बनता था। उन्हें मंगलवार दोपहर बाद सबको बहाल करने की सूचना मिली है। सरकार उनको बहाल करेगी तो वे काम करेंगे, नहीं तो मांगों को लेकर धरने और प्रदर्शन जारी रहेंगे।
हड़ताल से मरीज दूसरे दिन भी हुए परेशान
लैब टेक्नीशियनों के हड़ताल पर चले जाने के बाद मरीजों को बीमारियों की जांच के लिए सैंपल देने को भटकना पड़ा। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इसको लेकर पुख्ता प्रबंध करने का दावा किया है, लेकिन मरीजों की हालात हकीकत बयां कर रही थी। सिविल अस्पताल में स्टाफ की कमी साफ झलकी।
उच्च अधिकारियों के आदेशानुसार हड़ताली लैब टेक्नीशियनों को सस्पेंड कर दिया गया है। जिले में 31 लैब टेक्नीशियन को सस्पेंड किया है। लैब में नियमित रूप से मरीजों के ब्लड और यूरिन टेस्ट किए जा रहे है। किसी को किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही। हमारे पास एलटी को बहाल करने के फिलहाल कोई आदेश नहीं आए हैं। ऐसे कोई आदेश आते हैं, तो उनका पालन किया जाएगा।
डॉ. इंद्रजीत सिंह धनखड़, सीएमओ पानीपत।