राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ संचालक डॉ. मोहनराव भागवत आज से तीन दिन के लिए पानीपत के प्रवास पर होंगे। वे एसडी विद्या मंदिर जूनियर विंग में उत्तर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करेंगे। जिसमें उत्तर क्षेत्र से आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यकर्ता बैठक में मीडिया का प्रतिबंध होगा। सर संघ चालक 18 को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ही मीडिया से रूबरू हो सकते हैं। एसडी विद्या मंदिर जूनियर विंग में कार्यकर्ता बैठक की सब तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संघ की प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों ने बुधवार को व्यवस्थाओं को जांचा।
आरएसएस के सह प्रदेश प्रचारक राजेश कुमार ने बताया कि उत्तर क्षेत्र कार्यकर्ताओं की बैठक 17 नवंबर को शुरू होगी और 19 नवंबर तक चलेगी। संघ के सह संघ संचालक डॉ. मोहनराव भागवत बैठक में संघ के कार्यों व सामाजिक परिस्थितियों की जानकारी लेंगे।
17 नवंबर को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के जिला व विभाग प्रचारक, सामाजिक समरसता, परिवार प्रबोधन, ग्राम विकास और गौ संरक्षण के कार्यों में लगे प्रचारक, प्रान्तए क्षेत्र और क्षेत्र में रहने वाले अखिल भारतीय दायित्व के प्रचारक बैठक में हिस्सा लेंगे।
डॉ. भागवत प्रचारक बैठक को संबोधित करेंगे। डॉ. भागवत 18 नवंबर को प्रात: 6:30 बजे पानीपत जिला के स्वयंसेवकों को आर्य स्कूल के मैदान में संबोधित करेंगे और बाद में उत्तर क्षेत्र के विविध क्षेत्रों में कार्यरत प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, विद्या भारती, सेवा भारती, स्वदेशी जागरण मंच, संस्कृत भारती व भाजपा समेत अन्य संगठनों में कार्य कर रहे प्रचारक हिस्सा लेंगे।
बैठक में संघ के विभाग प्रचारक, प्रांत व क्षेत्र दायित्व के प्रचारक भी हिस्सा लेंगे। 19 नवंबर को हरियाणा व दिल्ली के जिला और विभाग के संघचालक, अध्यक्ष, कार्यवाह, सचिव, प्रचारक, प्रांत व क्षेत्र कार्यकारिणी के सदस्य बैठक में हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी और डॉ. कृष्णगोपाल भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि डॉ. मोहन भागवत हरियाणा प्रवास के बाद 20 व 21 नवंबर को पंजाब के प्रवास पर रहेंगे।