पानीपत के गांव सिवाह में बने नए बस स्टैंड पर खड़ी बस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सिवाह जाने में लगते थे 30 मिनट, अब 10 मिनट में पहुंचा रही सिटी बस
शहर काे सिटी बस सर्विस की सौगात मिल चुकी है। अब शहर के लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए इस सेवा का लाभ ले सकेंगे। इससे शहर के लोगों में खुशी है। सिटी बस सर्विस शुरू होने से मंगलवार को सुबह सड़कों पर भीड़भाड़ कम दिखी। अक्सर जाम में फंसे रहने वाले चालक थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे। सिवाह गांव में नए बस स्टैंड के उद्घाटन का पता चला तो शहर में चर्चा होने लगी। कोई जाम से राहत पाकर खुश दिखा तो कोई नई सेवा की वाहवाही करता नजर आया। पुराने बस अड्डे से सवारी लेकर बस महज 10 मिनट में सिवाह पहुंच गई, तो यात्री बस में सवार हो गए।
मंगलवार सुबह नए बस स्टैंड से बसों का संचालन शुरू हो गया था। बस स्टैंड परिसर और सामने कट के नीचे ट्रैफिक पुलिस के 10 जवानों को तैनात किया गया। लंबे रूट की कोई भी बस आकर रुकती तो परिचालक पानीपत की सवारियों को पुराने अड्डे तक का सफर सिटी बस से करने के लिए कहते। कुछ यात्रियों ने तो नए बस अड्डे की तस्वीर खींचकर सोशल साइट पर भी अपलोड कर दी। सिटी बस में शहर पहुंचे यात्रियों ने बताया कि 30 मिनट का जाम वाला सफर अब बीते दिनों की बात हाे जाएगा। स्टैंड इंचार्ज सतीश पंवार ने बताया कि शाम छह बजे तक नए बस स्टैंड पर 300 से अधिक बसों का ठहराव हुआ।
नए बस स्टैंड से एक घंटे कम हुआ सफर
हरिद्वार से पानीपत पहुंचे हनुमान प्रसाद ने बताया कि वह दोस्त हवा सिंह के साथ गंगा स्नान कर लौट रहे हैं। चालक ने नए बस स्टैंड पर बस रोकी तो सब नया लगा। दो मिनट बातचीत ही कर रहे थे कि सोनीपत के लिए बस मिल गई। अगर पानीपत बस स्टैंड जाते और फिर वहां से सोनीपत की बस लेते तो सफर एक घंटे तक लंबा हो जाता। अब लंबी दूरी के यात्रियों को जरूर राहत मिलेगी।
यात्रियों का समय बचा
शहजानपुर के सुमित ने बताया कि वह दिल्ली से संजय चौक आए हैं। यहां किसी जानकार से मिलना था। सिंघु बाॅर्डर से पानीपत पहुंचे तो चालक ने नए बस स्टैंड पर उतार दिया। यहां सिटी बस में सवार हुए तो परिचालक ने 10 रुपये का टिकट बनाया। पहले तो लगा कि 10 रुपये बेवजह देने पड़े, लेकिन आधे घंटे का सफर चंद मिनटों में पूरा हो गया।