सूरज आग बरसा रहा है और उमस ने लोगों का जीना मुुहाल कर रखा है। बिजली की किल्लत लोगों की परेशानी को दोहरा करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही।
दिन-रात लगने वाले बिजली कट के कारण लोगों के दिन का चैन व रात की नींद हराम हो गई है। उपभोक्ताओं की मानें तो निगम कई तरह के चार्ज लगाकर भारी-भरकम बिल तो वसूल रहा है, लेकिन सुविधा के नाम पर भीषण गर्मी में भी पर्याप्त बिजली भी नहीं मिल रही।
लोग बिजली किल्लत से परेशान होकर सड़काें पर उतरने का मन बना रहे हैं। ओवरलोड होने के कारण फीडरों के ट्रिप होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। मंगलवार को ओवरलोड होने और अन्य कारणों से दोपहर तक चार फीडर एक के बाद एक ट्रिप होते रहे।
ये फीडर रहे बंद
1. सेक्टर-11-12 फीडर सुबह 7.05 से 9.30 बजे तक।
2. गोहाना रोड फीडर सुबह 7.17 से 8.50 बजे तक।
3. हॉस्पिटल फीडर दोपहर 1.00 बजे से 2.50 बजे तक।
4. काबड़ी रोड फीडर सुबह 8.00 बजे से 11.00 बजे तक।
कई क्षेत्रों में भी लगते रहे लंबे कट
संबंधित फीडरोें के अलावा शहर के कई क्षेत्रों में भी बिजली के कट लगने का सिलसिला दिन-रात जारी रहा। शहर के मॉडल टाउन इलाके में हॉली पार्क, नारायण सिंह पार्क, काबड़ी रोड़, गंगा राम कालोनी, असंध रोड, रेलवे रोड व मुख्य डाकघर क्षेत्र में बिजली कट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया।
लोड बढ़ने के कारण ट्रिप हो रही लाइन
बिजली फीडरों और लाइनों के ट्रिप होने का कारण इन दिनों में बढ़ी बिजली की डिमांड है। डिमांड बढ़ने के साथ ही लोड बढ़ रहे हें। अपेक्षा से अधिक लोड बढ़ने के कारण क्षेत्रों की लाइन, ट्रांसफार्मर, फ्यूज गर्म होने के कारण फीडरों को बंद कर दिया जाता है।
आवश्यकता से अधिक चलाते हैं उपकरण
गर्मी बढ़ने के कारण घराें में लगे उपकरणों की डिमांड ज्यादा बढ़ गई है। निगम कर्मचारियों की मानें तो इस बार शहर में ज्यादातर घरों में एयर कंडीशन (एसी) लग गए हैं। एसी बहुत ज्यादा बिजली लेते हैं। एसी के अलावा पंखे और साधारण कूलर लगने के कारण भी बिजली की डिमांड बढ़ी है। उपभोक्ता घरों का कनेक्शन लेते समय लोड तो कम दर्ज कराते हैं, लेकिन बाद में कनेक्शन पर उपकरण ज्यादा चलाते हैं। इससे ट्रांसफार्मरों पर लोड का पता नहीं चल पाता।
निगम करता रहता है लोड जांचने का काम
बिजली निगम समय-समय पर कनेक्शनों के लोड जांचने के लिए अभियान चलाता रहता है। कर्मचारी घरों में पहुंचकर कनेक्शनों पर चलने वाले उपकरणोें की जांच करता रहता है। इस कार्य मेें भारी-भरकम खर्च भी होता है। लोड जांचने के बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
जीरो कट मेें गुल हुई पूरे सर्कल की बिजली
जीरो कट लगने से पानीपत सर्कल की पूरी लाइट बंद हो गई। निगम से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 11.45 बजे से दोपहर 12.05 बजे तक बिजली का जीरो कट रहा। इस दौरान पूरे पानीपत सर्कल की बिजली सप्लाई बंद हो गई।
सुविधा केंद्र वाले नहीं उठाते फोन
बिजली कट के कारण जहां उपभोक्ता गर्मी में परेशान हो जाते हैं, वहीं कट लगने पर बिजली सुविधा केंद्र में फोन करने पर कोई उसे सुनने को तैयार नहीं होता। मॉडल टाउन निवासी सतबीर गोयल, संदीप कुमार, अशोक शर्मा और अश्विनी ने बताया कि सुबह ही बिजली कट का सिलसिला शुरू हो गया। बिजली न होने पर जैसे ही सुविधा केंद्र में फोन लगाया तो उधर से कोई रिस्पांस नहीं मिला। कई बार फोन रिसीवर को उठाकर एक साइड में रखा दिया जाता है। ऐसे में बात होना संभव नहीं।
पानी को भी तरसे लोग
गर्मी में बिजली चली जाने के कारण लोगाें को सबसे बड़ी परेशानी पेयजल की हो रही है। सुबह व शाम को कई बार पानी सप्लाई आने के समय ही बिजली के कट लगते हैं। जब बिजली आती है, तब पानी सप्लाई ही चली जाती है। इस तरह से लोगों को ताजे पानी से वंचित रहना पड़ रहा है।