सीआईडी ने सनौली रोड स्थित दो मावा भंडारों पर छापा मारकर 13 क्विंटल मावा और 140 किलोग्राम पनीर पकड़ा है। दुकानदार यूपी से बस में मावा लेकर आए थे। सीआईडी ने मावे और पनीर में मिलावट की सूचना पर यह कार्रवाई की। सीआईडी ने मौके पर थाना चांदनी बाग पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को भी बुलवा लिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मावा और पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं।
सीआईडी के जिले के अधिकारियों ने बुधवार को सनौली रोड स्थित दो मावा भंडारों पर नकली मावे और पनीर होने की सूचना पर छापा मारा। जिला निरीक्षक योगेश कटारिया के नेतृत्व में दो टीमों ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे सनौली रोड स्थित शंकर मावा भंडार और अधलखा स्वीट्स पर छापा मारा। प्राथमिक जांच में मावा और पनीर मिलावटी बताया जा रहा है। सीआईडी के इंस्पेक्टर योगेश कटारिया ने बताया कि उन्हें यूपी से मिलावटी मावा और पनीर पानीपत में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद सीआईडी की दो टीमों का गठन किया गया। एक टीम ने सनौली रोड स्थित अधलखा स्वीट्स और दूसरी टीम शकर मावा भंडार पर छापा मारा।
अधलखा स्वीट्स के संचालक सुरेंद्र कुमार निवासी सेक्टर-12 को यूपी रोडवेज की बस से सात क्विंटल दस किलोग्राम मावा उतारते पकड़ गया। मावा के कट्टों पर शामली लिखा हुआ था। दूसरी टीम ने शंकर मावा भंडार पर इसी समय छापा मारा। शंकर मावा भंडार से पांच क्विंटल 90 किलोग्राम मावा औश्र 140 किलोग्राम पनीर मिला।
सीआईडी की टीम ने शंकर मावा भंडार के मालिक विपिन कुमार निवासी बबैल रोड पर मावा के बारे में गहनता से पूछताछ की। सूचना पर मिलने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। छापे की जानकारी होने पर कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।
सीआईडी ने छापा मारकर सनौली रोड पर यूपी से मावा लाते दुकानदार को पकड़ा है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मावा और पनीर के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। उनकी रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सुरेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पानीपत।
सीआईडी को नकली मावा और पनीर यूपी से पानीपत लाने की सूचना मिली थी। इस पर सीआईडी की दो टीमों ने सनौली रोड स्थित शंकर मावा भंडार और अधलखा स्वीट्स पर छापा मारा। यहां से 13 क्विंटल मावा और 140 किलोग्राम पनीर बरामद किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए हैं।
योगेश कुमार, प्रभारी, सीआईडी पानीपत।