संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मौसम में बदलाव से नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पताल में डायरिया, खांसी, जुकाम, बुखार व गले में दर्द से परेशान मरीज आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल में एक सप्ताह पहले जहां औसतन 1500 के करीब मरीज आते थे, अब यह आंकड़ा 2000 के पार हो गया है। नागरिक अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ, छाती रोग विशेषज्ञ व ईएनटी सहित सभी चिकित्सकों के पास ओपीडी पहले से 30 से 40 फीसदी बढ़ गई है। इसमें खांसी, जुकाम, बुखार व गला दर्द के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।
ओपीडी में अत्यधिक बुखार से पीड़ित
नागरिक अस्पताल में फिजिशियन सहित बाल रोग विशेषज्ञ के पास 100 से ज्यादा ओपीडी हो रही है। इसमें अधिकतर मरीज वायरल के आ रहे हैं। इनमें बालरोग चिकित्सक के पास 100 में से 20 मरीज बुखार, 45 खांसी, जुकाम अन्य सिर दर्द और गला दर्द के आ रहे हैं। इसी प्रकार फिजीशियन के पास भी 25 के करीब मरीज बुखार के इलाज के लिए आ रहे हैं।
जानलेवा साबित हो रहा डायरिया
जिले में डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को भी उल्टी और दस्त से तीन साल की एक बच्ची की मौत हुई है। बीते चार माह के दौरान 13 मरीजों की मौत हो चुकी है। डायरिया के बढ़ते मामलों से स्वास्थ्य विभाग चिंतित है।
इन बातों का रखें ध्यान-
- बदलते मौसम को देखते हुए फ्रिज में रखी ठंडी चीजों का सेवन न करें।
- साफ फल व सब्जियां लें, घर के आस पास गंदा पानी इकट्ठा न होने दें।
- कूलर के पानी को समय-समय पर बदलते रहना चाहिए।