पानीपत। कॉलेजों में स्नातक कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। लगभग 10 दिन से जारी आवेदन प्रक्रिया में तेजी आई है। शहर के चार प्रमुख कॉलेजों में ही करीब तीन हजार आवेदन हो चुके हैं।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने दाखिले का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। कॉलेजों में आवेदक 09 जून तक पंजीकरण करवा सकेंगे। 18 से 30 जून के दौरान मेधा सूची जारी की जाएंगी तथा दूसरी काउंसलिंग संपन्न होने के बाद कॉलेजों में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
कॉलेजों में दाखिले के लिए सत्यापित परिवार पहचान-पत्र अनिवार्य किए गए हैं। वहीं कॉलेजों में नई शिक्षा नीति के तहत पढ़ाई होगी। नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों में दाखिलों के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढे़गा। कॉलेजों में कौशल विकास युक्त शिक्षण पर जोर रहेगा।
वहीं, शेड्यूल जारी करते ही विद्यार्थियों ने कोर्स व कॉलेज का चयन करना शुरू कर दिया है। कॉलेजों में दाखिला चाहने वालों के लिए ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
किसी भी स्थिति में पोर्टल पर पंजीकरण के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आर्य कॉलेज में 2540 सीटों पर होगा दाखिला : आर्य पीजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में विभिन्न कोर्सेस के लिए 2540 सीटें उपलब्ध हैं। हालांकि कॉलेज में सीटों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि आर्य पीजी महाविद्यालय शहर का सबसे पुराना कॉलेज हैं। वर्ष 1954 से संचालित आर्य महाविद्यालय शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों में वर्ष दर वर्ष प्रगति कर रहा है।
विद्यार्थियों का मनोवैज्ञानिक आंकलन करने के साथ कौशल विकास के कोर्स भी करवाए जा रहे हैं।