पानीपत। बिशन स्वरूप कॉलोनी में रविवार की रात एक मकान की पीछे वाली दीवार में छेद कर दो चोर अंदर घुसे और बच्चों के दो गुल्लक फोड़कर करीब एक लाख रुपये निकाल लिए। आरोपी दो एलईडी भी चोरी कर भागने की फिराक में थे, लेकिन छेद से बाहर न निकल पाने की वजह उन्हें छोड़ना पड़ा। सोमवार सुबह होने पर मकान मालिक घर पहुंचा तो चोरी का पता चला। जिसके बाद उन्होंने किला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुुरू कर दी है।
गांव जलमाना निवासी सेठपाल ने बताया कि वह सोडा और पानी सप्लाई की कंपनी में काम करता है। बेटा रजनीश एक फैक्टरी में काम करता है। वह लंबे समय से बिशन स्वरूप कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। बेटा रजनीश अपने परिवार के साथ टीडीआई सिटी में किराये पर रहता है। दोनों ने मिलकर 2 सितंबर को बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी पुलिस कर्मी राजेंद्र का मकान किराये पर लिया था और अपना-अपना सामान शिफ्ट करने में लगे थे। रविवार को नए मकान में सामान शिफ्ट करने के बाद बेटा अपने परिवार के साथ उनके पास आकर सो गया। सुबह उठकर किराये पर लिए मकान मेें गए तो सामान बिखरा हुआ था। बाथरूम के पास गए तो पीछे वाली दीवार टूटी मिली। अलमारी चेक की तो पोतियों की गुल्लक टूटी मिली और उनके अंदर से करीब एक लाख रुपये चोरी मिले।
चादर में बंधी मिली एलईडी, रेलवे लाइन की तरफ से आए थे आरोपी
सेठपाल ने बताया कि उनके मकान में दो एलईडी लगी हुई थी। ऊपर वाले कमरे की एलईडी उतारकर आरोपी नीचे ले आए थे। वहीं दूसरी एलईडी को भी उतार लिया। सेठपाल ने बताया कि दो में से एक एलईडी चादर में लिपटी मिली। आशंका है कि आरोपी जिस छेद से अंदर घुसे थे, एलईडी उस छेद से बाहर नहीं निकली तो उन्हें मकान में ही छोड़कर भागना पड़ा।
बड़ी पोती के पैदा होते ही गुल्लक में रुपये डालना शुरू कर दिए थे
सेठपाल ने बताया कि आरोपी एक लाख रुपये नकदी के अलावा 3 बाथरूम में लगी हजारों रुपये कीमत के करीब 20 टोंटी, चार-चार हजार रुपये की कीमत साड़ियां और अंडर गारमेंट्स तक चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि बड़ी पोती दिव्यांशी के पैदा होते ही करीब साढ़े चार साल पहले उसके नाम का एक गुल्लक लिया और बचत करनी शुरू कर दी थी। वहीं छह माह पहले दूसरी पोती तिश्या हुई तो उसके नाम के अलग गुल्लक बनाकर रुपये जमा करने शुरू कर दिए थे।
अलमारी में रखे थे गहने, नहीं पड़ी चोरों की नजर
पीड़ित परिवार ने बताया कि उनके घर में एक अलमारी है, जिस पूरी अलमारी पर छोटा भीम कार्टून के फोटो चिपके हुए थे। जिस समय आरोपी चोर घर में घुसे थे, उस समय अलमारी उसी घर में थी और चाबी भी अलमारी में लगी हुई थी, लेकिन आरोपियों की नजर अलमारी पर नहीं पड़ी। जिस वजह उनके लाखों के गहने बच गए।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी