पानीपत। रिफाइनरी के पास भारत पेट्रोलियम के डिपो की पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से डीजल की चोरी की शिकायत कंपनी के अधिकारियों से की तो जांच में चोरी पकड़ी गई।
इसकी रंजिश में गाड़ी के चालकों, परिचालकों और मुंशी ने शिकायत करने वाले डीलरों पर हमला कर दिया। डीलरों से 100 से अधिक लोगों पर हमला करने के आरोप लगाए हैं। थाना सदर की पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
कुरुक्षेत्र स्थित शाहाबाद के राजेंद्र सिंह ने थाना सदर की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डीलर है। शनिवार को वह अपने कुछ साथियों के साथ पानीपत रिफाइनरी स्थित भारत पेट्रोलियम के डीपो में आए थे। जब वह कंपनी की पार्किंग में पहुंचे तो वहां पर कुछ चालक और परिचालक गाड़ी से डीजल चोरी क रहे थे। जिसकी शिकायत उन्होंने अंदर कंपनी के अधिकारियों से कर दी। इसके बाद अधिकारियों ने गाड़ी की जांच की तो उसके ढक्कन खुले हुए मिले।
राजेंद्र का आरोप है कि शाम को जब वह वापस जाने लगे तो शिकायत करने की रंजिश में प्रिंस लाइन के चालकों और परिचालकों ने उन्हें गेट पर घेर लिया। इसी बीच 100 से 150 लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने वहां से अपनी जान बचाई और थाना सदर पानीपत पुलिस को सूचना दी पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ब्यूरो