होली की पिचकारियों पर बच्चों के फेवरेट कार्टून डोरेमॉन, पिकासू व छोटा भीम की जगह नरेंद्र मोदी व राहुल गांधी ने ले ली है।
बाजार में पहुंची पिचकारियों पर मोदी व राहुल की तस्वीर रंग बिखेर रही हैं और लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद दोनों की तस्वीर लगी पिचकारी बच्चों व बड़ों में राजनीति का रंग घोलने लगी है।
बाजार होली को लेकर सज गया है और दुकानों व रेहड़ियों पर गुलाल व पिचकारी सज गया है। इस बार बाजार में पिचकारियों पर डोरेमॉन, पिकासू व छोटा भीम नहीं बल्कि भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी व कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर लगी हुई मिल रही हैं।
बच्चों की नहीं युवाओं में भी ऐसी पिचकारियों की मांग बढ़ गई। कोई नरेंद्र मोदी तो कोई राहुल गांधी की लगी फोटो वाली पिचकारी ले रहा है। दुकानदार राजेश व गणेश ने बताया कि होली की पिचकारी 30 से सौ रुपये तक की हैं। इनको बच्चे काफी पसंद कर रहे हैं।
मोदी व राहुल एक साथ
दुकानदार रणजीत ने बताया कि राजनीति के अखाड़े में नरेंद्र मोदी व राहुल गांधी बेशक आमने-सामने हैं और एक दूसरे पर कटाक्ष करने का मौका नहीं चूकते, लेकिन होली की पिचकारियों पर नरेंद्र मोदी व राहुल गांधी एक साथ हैं। बच्चे कभी मोदी व कभी राहुल की फोटो लगी पिचकारी को पसंद कर रहे हैं। दुकानों व रेहड़ियों पर भी मोदी व राहुल की पिचकारी ऊपर नीचे रखी रहती हैं।