पानीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से सोमवार को सीनियर सेकेंडरी कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। प्रदेश सहित पानीपत जिले का परीक्षा परिणाम भी इस बार शत-प्रतिशत रहा। किसी भी परीक्षार्थी को फेल नहीं किया गया, न ही किसी की कंपार्टमेंट ही लगी। बोर्ड परीक्षा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि पूरे प्रदेश में शत-प्रतिशत विद्यार्थी पास हो गए। इसके साथ ही पहली बार 30-10-60 के फार्मूले के आधार पर 12वीं परीक्षा परिणाम जारी किया गया। बिना परीक्षा जारी किए गए इस परिणाम में न कोई टॉपर रहा और न ही कोई फेल हुआ।
पानीपत जिले में इस बार 11 हजार 113 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। इनमें 10 हजार 793 विद्यार्थी संस्थागत और 320 प्राइवेट विद्यार्थी शामिल हैं। रेगुलर विद्यार्थियों में 5313 निजी स्कूलों तथा 5480 विद्यार्थी राजकीय स्कूलों के शामिल हैं। गौरतलब है कि कोरोना रूपी वैश्विक महामारी की दूसरी लहर ने पूरा कहर बरपाया। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अप्रैल मेें होने वाली 10वीं व 12वीं कक्षा की हरियाणा बोर्ड एवं सीबीएसई की परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद परिणाम जारी करने को लेकर मंथन शुरू हो गया था।
30-10-60 के फार्मूले पर तैयार किया 12वीं का परिणाम
सीनियर सेकेंडरी (नियमित) परीक्षार्थियों का परिणाम के लिए 30-10-60 का फार्मूला निर्धारित किया गया है, जिसमें 30 प्रतिशत अंक 10वीं कक्षा, 10 प्रतिशत अंक 11वीं कक्षा और 60 प्रतिशत अंक विद्यालयों की ओर से दिए जाने वाले आंतरिक अंकों के आधार पर परिणाम तैयार किया गया है। कंपार्टमेंट परीक्षार्थियों का परिणाम परीक्षार्थी के उत्तीर्ण विषयों के अंकों का औसत निकालकर घोषित किया गया। परीक्षा परिणाम में कोई गलती न हो, इसलिए विद्यालयों की ओर से अपलोड किए गए अंकों की जिलावार दो-दो बार जांच की गई।
परिणाम जानने को आतुर दिखे विद्यार्थी
12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी करने की घोषणा के बाद से विद्यार्थियों व अभिावकों का भी तनाव बढ़ गया था। सोमवार सुबह से ही सभी परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे थे। दोपहर बाद बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम जारी होने के बाद ही विद्यार्थियों व अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
प्रदेश के 1338 परीक्षार्थियों का परिणाम आरएलई घोषित
प्रदेश के लगभग 1338 परीक्षार्थियों का परिणाम प्रमाण पत्र में अंक स्पष्ट न होने के कारण परिणाम आरएलई घोषित किया गया है। विद्यार्थी हित के मद्देनजर शेष विद्यालयीय परीक्षार्थियों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। ऐसे विद्यालयों को 15 दिनों का नोटिस जारी करते हुए लंबित परिणाम का सत्यापन करवाने उपरांत परिणाम जारी कर दिया जाएगा। यदि विद्यालय तीन माह के अंदर सत्यापन करवाने में असफल रहता है तो परीक्षार्थी का परिणाम रद्द कर दिया जाएगा।
परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी दोबारा दे सकेंगे परीक्षा
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि बोर्ड की ओर से जारी किए गए परीक्षा परिणाम से यदि कोई विद्यार्थी संतुष्ट नहीं है तो वे दोबारा परीक्षा दे सकता है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए कोरोनाकाल की स्थिति सामान्य होने पर परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। सीनियर सेकेंडरी वार्षिक परीक्षा मार्च-2021 के लिए जिन परीक्षार्थियों द्वारा आंशिक विषय अंक सुधार, पूर्ण विषय अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषय के लिए आवेदन किया गया था, ऐसे परीक्षार्थियों को बोर्ड की जब भी आगामी परीक्षा आयोजित कराई जाएगी, उस परीक्षा में उन्हें उसी आवेदन के आधार पर बिना शुल्क के प्रविष्ट होने की अनुमति प्रदान की जाएंगी।
गत वर्ष जिले में 80.48 प्रतिशत रहा था 12वीं का परीक्षा परिणाम
गत वर्ष पानीपत जिले के 10282 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी थी। इनमें से 8275 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे। जिले का परीक्षा परिणाम 80.48 प्रतिशत रहा था। परीक्षा परिणाम के आधार पर पानीपत जिले प्रदेश में 14वें स्थान पर रहा था।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा सोमवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। प्रदेश सहित जिले का भी परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। 12वीं का परिणाम 30-10-60 के फार्मूले पर तैयार किया है। बोर्ड द्वारा जारी परिणाम से अगर कोई विद्यार्थी संतुष्ट नहीं है तो वह दोबारा परीक्षा दे सकता है। ऐसे विद्यार्थियों के लिए स्थिति सामान्य होने पर परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।
- रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।