रमेश कुमार, एसई, नगर निगम, पानीपत।
- फोटो : Panipat
पानीपत। नगर निगम के पहले भी सुपरिंटेडेंट इंजीनियर रह चुके इंजीनियर रमेश कुमार ने एक बार फिर नगर निगम पानीपत का पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने आते ही निगम अफसरों समेत ठेकेदारों एवं एजेंसियों को चेतावनी जारी कर दी है। एसई ने कहा कि वे किसी भी सूरत में विकास कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होने देंगे। अगर किसी काम में निगम कर्मचारी या अधिकारियों की लापरवाही मिली तो उन पर कार्रवाई होगी। ऐसा करने पर ठेका रद्द होगा और एजेंसी ब्लैक लिस्ट की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब वे निगम के शहरी और ग्रामीण वार्डों में चल रहे विकास कार्यों को दौरा करेंगे। हर काम की क्वालिटी चेक की जाएगी। इसे लेकर उन्होंने निगम अधिकारियों से शहर में चल रहे विकास कार्यों का ब्योरा मांग लिया है। जिसमें निगम के शहरी और ग्रामीण एरिया में करीब दौ सौ करोड़ के काम बताए गए हैं। निगम एसई की इस चेतावनी से निगम कर्मचारियों, अफसरों समेत ठेकेदारों के भी कान खड़े हो गए हैं।
सुपरिंटेंडेट इंजीनियर रमेश कुमार पहले भी नगर निगम में एसई के पद पर काम कर चुके हैं। इन्होंने ही स्ट्रीट लाइट के काम में हर माह किए जा रहे 10 लाख रुपये महीने के फिजूल खर्च की रिपोर्ट तैयार की थी। इसके बाद इनका ट्रांसफर कर दिया। एसई रमेश कुमार अपने सख्त मिजाज और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर जाने जाते हैं। इनके आते ही निगम कार्यालय में ठेकेदारों का आना-जाना तक प्रभावित हो गया है।
टीम के साथ वार्डां का खुद करेंगे औचक निरीक्षण- एसई
नगर निगम की इंजीनियरिंग टीम के साथ शहर के सभी वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का खुद ही दौरा करेंगे। मौके पर जाकर साइट प्लान के अनुसार काम की गुणवत्ता भी चेक की जाएगी। मैटेरियल तक की जांच की जाएगी। हर वार्ड में औचक निरीक्षण होगा। ताकि किसी भी ठेकेदार को उनके आने या न आने तक की खबर न मिल सके। अगर किसी काम में कोई लापरवाही बरती तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- रमेश कुमार,एसई, नगर निगम, पानीपत।