फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat: नौ साल के इकलौते बेटे का अपहरण, घर में पत्र फेंक मांगे 15 लाख रुपये

Tue, 21 Jun 2022 02:04 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत (हरियाणा)

सार

परिजनों को मिले पत्र में लिखा है कि पैसे की व्यवस्था हो जाए तो घर के बाहर लिख देना। गांव बराना की घटना है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीमों ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की है। देर शाम तक सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए पर कोई सुराग नहीं लग सका। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के पानीपत जिले के गांव बराना में एक नौ वर्षीय इकलौते बेटे का अपहरण कर 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई है। बच्चे के गायब होने के बाद घर पर ही परिजनों को धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें पैसे की व्यवस्था होने के बाद घर के बाहर लिखने की हिदायत दी गई है। ऐसे में परिजन घर के बाहर ‘पैसा तैयार है’ लिखकर बच्चे का इंतजार करते रहे।

विज्ञापन


जब घंटों बाद भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस पुलिस में शिकायत दी। इसके बाद सीआईए की तीनों टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए, लेकिन देर शाम तक कोई सुराग नहीं लगा। 

गांव बराना निवासी शिवकुमार ने बताया कि वो पेशे से किसान है। उसका नौ वर्षीय बेटा रौनक कक्षा दूसरी का छात्र है। सोमवार दोपहर को रौनक घर के बाहर खेल रहा था जबकि उसकी मां घर पर ही थी। इस बीच करीब ढाई बजे उसकी मां पशुओं को चारा डालने गई तो रौनक कहीं नहीं मिला।
विज्ञापन


उन्होंने आसपास रौनक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई भेद नहीं मिला। तभी परिजनों को घर पर पत्थर में लिपटा हुआ एक कागज दिखा। कागज पर लिखा हुआ था कि बच्चा उनके पास है। उनको 15 लाख रुपये चाहिए। जब पैसों का इंतजाम हो जाए तो घर के बाहर क्रॉस का निशान लगाकर लिख देना कि ‘पैसा तैयार है। ये कागज मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।

आसपास के गांव में बच्चे की तलाश की गई। डरे सहमे परिजनों ने पत्र में लिखे अनुसार घर के बाहर पैसा तैयार है लिख दिया। फिर इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी संदीप कुमार और एसएचओ विजय कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने माता-पिता और ग्रामीणों से पूछताछ की। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, लेकिन देर शाम तक मामले में कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मामले की जांच जारी है, कई टीमें कर रही काम : डीएसपी
बच्चे के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई थी। पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की है। सीआईए की टीमें जांच में जुट गई हैं। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है। - संदीप कुमार, डीएसपी पानीपत।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें